Breaking News

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रु के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

  • कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती व सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रूपए की घोषणा
  • जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की घोषणा
  • भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा
  • तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी 
  • मुख्यमंत्री ने ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को बटन दबाकर राशि का किया हस्तांतरण

THE CG NEWS

दुर्ग/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज इस्पात नगरी भिलाई को कुल 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बीसएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि को लेकर सांसद, विधायक रिकेश सेन व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।


मुख्यमंत्री साय द्वारा छत्तीसगढ़ सरकार के बीते तीन वर्षों के विकास कार्यों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। शहरी विकास के तहत तीन वर्षों में 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने जब इस्पात राज्यमंत्री का दायित्व सौपा था, तो क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न घटनाओं के समय लोगों के साथ संवाद एवं सहयोग बना रहा।
मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की। कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये तथा जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की घोषणा की गई। इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई।

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजस्व विभाग के अंतर्गत यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत 3000 निवेशकों को कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि का हस्तांतरण बटन दबाकर संबंधित निवेशकों को किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 हितग्राहियों को निगम क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।

सीएसपीडीसीएल के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पांच हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। सहायक श्रमायुक्त विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए और सात श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के अंतर्गत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए। मत्स्य विभाग के अंतर्गत आईस बॉक्स एवं नाव-जाल का वितरण किया गया तथा पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टा वितरण किया गया।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, महापौर नीरज पाल, राकेश पाण्डे, भोजराज सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण व नागरिकगण उपस्थित थे।

Check Also

सीएम साय ने किया दुर्ग रेंज के नवीन साइबर थाना भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जयंती स्टेडियम हेलीपैड में भव्य स्वागत THE CG NEWS भिलाई। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!