- रिकेश सेन के विधायक रहते पत्नी डॉ रिचा सेन सक्रिय राजनीति में नहीं आएंगी
- चाय-पान दुकानदारों और उनके परिवार को मिलेगा 3 लाख तक का मेडिकल क्लेम
THE CG NEWS
भिलाई। आगामी दिनों में भिलाई नगर निगम के महापौर चुनाव को लेकर डॉ. रिचा सेन को संभावित दावेदार बताए जाने पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने इन खबरों को भ्रामक बताते हुए कहा कि उनकी धर्मपत्नी ने महापौर पद के लिए टिकट की इच्छा नहीं जताई है। किसी तरह की दावेदारी भी प्रस्तुत नहीं की है।
विधायक रिकेश सेन ने स्पष्ट किया कि जब तक वे स्वयं विधायक के रूप में सक्रिय राजनीति में हैं, तब तक उनकी धर्मपत्नी डॉ. रिचा सेन किसी भी जनप्रतिनिधि पद के लिए सक्रिय राजनीति में सामने नहीं आएंगी। वे नहीं चाहते कि उनके राजनीतिक दायित्व के साथ उनकी पत्नी भी किसी राजनीतिक पद की दावेदारी करें।
रिकेश सेन ने बताया कि लगभग दस वर्ष पूर्व भाजपा ने डॉ. रिचा सेन को पार्षद का टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। पीएचडी उपाधि प्राप्त डॉ. रिचा सेन पिछले दस वर्षों से सामाजिक, गतिविधियों और समाजसेवी संगठनों से जुड़ी हैं। वर्तमान में उनकी प्राथमिकता गृहिणी की जिम्मेदारियों के साथ समाजसेवा है। वे पिछले एक दशक से भाजपा की सक्रिय सदस्य भी हैं।
वैशाली नगर विधानसभा में जनसेवा की एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक रिकेश सेन ने क्षेत्र के चाय दुकान और पान दुकान संचालकों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुरक्षा योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र में दुकान संचालित करने वाले चाय व पान दुकानदारों और उनके परिवार को 3 लाख तक का मेडिकल क्लेम उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए विधायक अपने कार्यालय के माध्यम से निजी कंपनी से स्वास्थ्य सुरक्षा की व्यवस्था करवाएंगे।
विधायक रिकेश सेन ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित दुकानदारों को विधायक कार्यालय में अपना पंजीयन कराना होगा। पंजीयन की प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए हितग्राही श्वेतांबर जैन मंदिर के सामने, जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय पहुंचकर आवेदन कर सकेंगे।
योजना का लाभ वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अपनी दुकान संचालित करने वाले चाय व पान विक्रेता उठा सकेंगे। इसमें दुकानदार के साथ उनके परिवार को भी 3 लाख तक के मेडिकल क्लेम की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की व्यवस्था की जाएगी।
विधायक रिकेश सेन द्वारा शुरू की जा रही यह 25वीं जनसेवा पहल है। केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ अपनी विधानसभा में लगातार नई जनसेवा योजनाएं शुरू कर रहे विधायक की इस पहल का उद्देश्य छोटे दुकानदारों और उनके परिवारों को आर्थिक रूप से बड़ी राहत देते हुए स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
