
- प्रदेश में 21लाख 33हजार से अधिक वैक्सीन डोज उपलब्ध
- केन्द्रों में ऑन साइट पंंजीयन भी होगा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का कोविड 19 टीकाकरण आज से कोविन पोर्टल से होगा। भारत सरकार द्वारा सभी वर्गाें के लिए कोविड 19 टीका निःशुल्क दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने भारत सरकार से प्राप्त गाइडलाइन के अनुसार तैयारियां कर ली हैं। राज्य में अब आयु वर्ग के अनुसार अलग-अलग टीकाकरण केन्द्र नही होंगे। 18 वर्ष की आयु से अधिक के सभी उम्र के लोग अपनी सुविधानुसार कोविन पोर्टल से पंजीयन करा सकते हैं या टीकाकरण केन्द्र में जाकर भी पंजीयन करा सकते हैं।
वर्तमान में राज्य में कोविड 19 वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में है। 20 जून सुबह तक विभाग के पास भारत सरकार से मिले 19 लाख 58 हजार 690 डोज हैं। राज्य सरकार द्वारा खरीदी गई वैक्सीन 1 लाख 75 हजार 309 डोज हैं। इस तरह कुल 21 लाख 33 हजार 999 डोज उपलब्ध है।
21 जून से भारत सरकार द्वारा निःशुल्क टीका दिया जा रहा है। इसलिए राज्य में पृथक से टीकाकरण पोर्टल संचालित करने की आवश्यकता नहीं रहेगी। सभी आयु वर्गाें का टीकाकरण कोविन पोर्टल के माध्यम से ही होगा। जिन व्यक्तियों के पास इंटरनेट और मोबाइल की सुविधा नही है उन्हे ऑन साइट पंजीयन या चाइस सेंटर के माध्यम से पंजीयन कराने की सुविधा देने के निर्देश कलेक्टरों को दिए गए हैं ताकि सभी वर्गाे का आसानी से टीकाकरण हो सके।
जिन लोगों ने पूर्व में सी जी टीका के माध्यम से वैक्सीन की पहली डोज ली है, उन्हे दूसरी डोज लगाने के समय पहली डोज का सर्टिफिकेट या वैक्सीनेशन की तारीख बतानी होगी और पहचान पत्र दिखाने पर उनको निर्धारित समय पर दूसरी डोज लग जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी लोगों से अपील की है कि कोरोना संकमण से बचने के लिए किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में वैक्सीन अवश्य लगाएं। संक्रमण के गंभीर खतरे से खुद भी बच सकेंगे और अपने परिवार को भी बचा सकें। वैक्सीन लगाने के बाद भी मास्क लगाना,भीड़ वाले स्थानों में न जाना और हाथों की साबुन पानी या सेनेटाइजर से समय-समय पर सफाई करना जरूरी है।
20 जून की स्थिति में राज्य में 75 लाख 58 हजार 352 डोज लगाई जा चुकी है जिसमें 45 वर्ष से अधिक के 45 लाख 61 हजार 813 को पहली डोज और 745891 को दूसरी डोज लगी है। 18 से 44 आयुवर्ग में 11 लाख 60 हजार 258 को पहली डोज और 28791 को दूसरी डोज लगी है।
हेल्थ केयर वर्कर में 91 प्रतिशत को पहली और 69 प्रतिशत को दूसरी डोज ,पंजीकृत सभी फ्रंटलान वर्कर को शतप्रतिशत को पहली डोज और 70 प्रतिशत को दूसरी डोज लग चुकी है।
राज्य में 18 से 44 आयु वर्ग की आबादी लगभग 1 करोड़ 35 लाख हैं और 45वर्ष से अधिक उम्र की आबादी 58 लाख 66 हजार 599 है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal