
- फंड मिलने पर बनेगा म्यूज़ियम, उद्यान, वॉकिंग ट्रैक और ओपन जिम : वोरा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग-भिलाई के बीच आम जनता को बॉयो डायवर्सिटी पार्क की सौगात मिलेगी। करीब 250 एकड़ एरिया में विकसित किये जा रहे पार्क में आम जनता के लिए शानदार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर इस उपेक्षित पड़े पार्क स्थल को विकसित करने का बीड़ा वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने पूरी सक्रियता से उठाया है। वोरा ने पार्क में मनोरंजन और आमोद प्रमोद, स्वास्थ्य लाभ व पर्यावरण सुधार की संभावनाओं को देखते हुए वन मंत्री मोहम्मद अकबर से मुलाकात की और पार्क में कई अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने के लिए 1 करोड़ रु की राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।
वोरा ने कहा कि दुर्ग और भिलाई के बीच में स्थित होने के कारण दोनों शहर की जनता को शहर के मध्य में मिनी फॉरेस्ट जैसा अनुभव होगा। लोगों को स्वच्छ प्राकृतिक वातावरण मिलेगा। डायवर्सिटी पार्क में विकास करने की काफी संभावनाएं हैं जिसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ की वन और वनांचल संस्कृति की जानकारी देने म्युज़ियम, पाथवे युक्त वाकिंग ट्रैक, ओपन जिम और चिल्ड्रन पार्क का निर्माण किया जा सकता है।
वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने विधायक वोरा को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही राशि स्वीकृत कर शहरी क्षेत्र में स्थित मिनी फारेस्ट एरिया का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विशेष निर्देश पर राज्य में कई स्थानों पर शहरी वन विकसित किए जा रहे हैं जिसके अंतर्गत दुर्ग में भी बायो डायवर्सिटी पार्क बनाया जा रहा है। यहां 250 एकड़ में फैले क्षेत्र में वेटलैंड की वजह से अनेक प्रवासी पक्षियों का भी बसेरा होगा। इनकी बसाहट और ब्रीडिंग के लिए पूरे सरोवर में फेंसिंग कराई जा रही है।
पार्क में ओपन थिएटर, लोटस पौंड और तालाबों में बोटिंग की व्यवस्था की जाएगी। भविष्य में यह पार्क पैराडाइज फ्लाई कैचर, ग्रे हर्निबल और व्हिसलिंग डक्स जैसे पक्षियों का आशियाना बनेगा। इसके साथ ही मेमोरियल कॉर्नर में लोग अपने परिजनों के नाम से वृक्षारोपण कर प्रियजनों की स्मृतियां सुरक्षित रख सकेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal