
- अगले ढाई साल तक सुरक्षित रहेगा भूपेश का ताज : सूत्र
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कहा कि बतौर मुख्यमंत्री उन्होंने राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया है। वे राज्य में अब तक हुए विकास कार्यों को देखेंगे। भूपेश ने स्पष्ट कहा कि मैंने उन्हें सब कुछ बता दिया है। राजनीतिक मुद्दों के साथ साथ राज्य के प्रशासनिक मामलों पर भी चर्चा हुई। अंत में मैंने राहुल गांधी से छत्तीसगढ़ आने का अनुरोध किया। उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

भूपेश ने कहा कि राहुल गांधी अगले हफ्ते छत्तीसगढ़ आएंगे। वे पहले बस्तर जाएंगे और विभिन्न परियोजनाओं और कार्यों का निरीक्षण करेंगे। ढाई साल के मुद्दे पर सवाल करने पर बघेल ने कहा कि कांग्रेस महासचिव पीएल पुनिया पहले ही इस पर सफाई दे चुके हैं। मुझे कुछ और कहने की जरूरत नहीं है। मैं जो चाहता था उसे अपने नेता को बता दिया है।
आपको बता दें कि भूपेश बघेल ने आज राहुल गांधी के निवास 12 तुगलक लेन पहुंचकर उनसे मुलाकात की। प्रियंका वाड्रा भी वहां मौजूद रही। दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। इससे पहले पिछले दो दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश मंत्रियों समेत 55 विधायक दिल्ली पहुंच चुके हैं। सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पक्ष में एकजुटता दिखाई है। गुरुवार को दर्जन भर विधायकों ने देर रात पुनिया से मुलाकात की थी। बघेल समर्थक विधायक बिना समय लिये सीधे पुनिया के घर पहुंच गए थे।
भूपेश का ताज सुरक्षित
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हाई कमान को अपना बहुमत दिखा दिया है। इससे सीधा राजनीतिक संकेत यही मिल रहा है कि अगर किसी भी तरह की बदलाव की स्थिति बनती है तो पार्टी बिखर सकती है। सीएम भूपेश बघेल पहले ही ढाई साल के फार्मूले से इंकार कर चुके हैं। पुनिया ने भी इससे साफ इंकार किया है। लिहाजा आज हुए घटनाक्रम के बाद स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस हाईकमान किसी भी हालत में छत्तीसगढ़ में कोई बदलाव नहीं करेगा। कांग्रेस विधायकों ने भूपेश बघेल के समर्थन में ही दिल्ली कूच किया है। यह संदेश मिलने के बाद तय हो गया है कि नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा। राहुल गांधी द्वारा एक हफ्ते के भीतर छत्तीसगढ़ आने की सहमति देना भी इसी का संकेत माना जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal