Breaking News

प्रियदर्शनी परिसर में अमानक निर्माण पर विधायक रिकेश सख्त, स्वीमिंग पूल-स्केटिंग ग्राउंड की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश

THE CG NEWS

भिलाई नगर। प्रियदर्शनी परिसर सुपेला में निर्माणाधीन स्वीमिंग पूल और स्केटिंग ग्राउंड के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने दुर्ग कलेक्टर को पत्र लिखकर निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने और भुगतान प्रक्रिया की तकनीकी व वित्तीय जांच करने कहा है। विधायक ने पूरे मामले को उप मुख्यमंत्री अरुण साव के संज्ञान में भी लाया है।

विधायक सेन ने पत्र में कहा है कि जनहित और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में स्वीकृत नियमों व तकनीकी मापदंडों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मौके पर कार्य की वास्तविक प्रगति और दस्तावेजों में दर्शाई गई प्रगति में भी अंतर होने की बात सामने आई है। निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर भी गंभीर आपत्तियां जताई गई हैं।

भुगतान प्रक्रिया पर भी उठे सवाल

पत्र में कहा गया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायतों के बावजूद संबंधित ठेकेदार को पहला बिल जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। विधायक ने भुगतान की पूरी प्रक्रिया की जांच कर यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि कहीं शासकीय राशि का नियम विरुद्ध भुगतान तो नहीं किया गया।

स्वतंत्र कमेटी से जांच के निर्देश

विधायक रिकेश सेन ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने, मौके पर चल रहे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच तथा अब तक जारी किए गए बिलों और भुगतानों का वित्तीय ऑडिट कराने कहा है।

उन्होंने जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य से संबंधित आगामी भुगतानों पर रोक लगाने और जांच में अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने भी कहा हैं।

विधायक ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग से जुड़े ऐसे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। खिलाड़ियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और शासकीय राशि के उपयोग की पूरी जांच आवश्यक है।

Check Also

चक्रवात अर्नब का असर : भारी बारिश से नदियां उफान पर, गंगरेल के सभी 14 गेट खोले गए

THE CG NEWS रायपुर। पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!