
- 15 दिनों के लिये न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजे गए
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नंद कुमार बघेल को आगरा से गिरफ्तार किया। नंद कुमार बघेल को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जनक कुमार हिडको की कोर्ट में पेश किया गया। नंद कुमार बघेल पर एक विशेष समाज के खिलाफ विवादास्पद बयान देने को लेकर धार्मिक सौहाद्र बिगाड़ने का मामला दर्ज है। पुलिस उन्हें मंगलवार को सुबह आगरा से लेकर रायपुर पहुंची। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के खिलाफ राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाने में भारतीय दंड सहिंता 1860 की धारा 153 ए और 505 –एक (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मुख्यमंत्री के पिता नंद कुमार बघेल को 15 दिनों के लिए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। अब 21 सितंबर को मामले की अगली सुनवाई होगी। मंगलवार को नंद कुमार बघेल की जमानत के लिए पेपर पेश नहीं किया गया। अपने अधिवक्ता गजेंद्र सोनकर के साथ वे उपस्थित थे। नंदकुमार बघेल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह मेरी निर्णायक लड़ाई है। मैं इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक जाऊंगा।
सीएम कह चुके : कानून से ऊपर मेरे पिता भी नहीं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता के खिलाफ थाने में शिकायतों के बाद भूपेश बघेल ने हाल ही में कहा था कि उनके पिता नंदकुमार बघेल द्वारा एक वर्ग विशेष के विरूद्ध की गई टिप्पणी उनके संज्ञान में आई है। उनकी इस टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाओं और सामाजिक सद्भाव को ठेस लगी है। उनके इस बयान से उन्हें भी दुख हुआ है। सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से ज्ञात हुआ है कि ये बात कही जा रही है कि नंदकुमार बघेल पर इसलिए कार्रवाई नहीं होगी, क्योंकि वे मुख्यमंत्री के पिता हैं। उनकी सरकार सभी को एक ही दृष्टि से देखती है। उनके पिता नंदकुमार बघेल से उनके वैचारिक मतभेद शुरू से हैं, ये बात सभी को पता है। हमारे राजनीतिक विचार और मान्यतायें भी बिल्कुल अलग-अलग हैं। एक पुत्र के रूप में मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन एक मुख्यमंत्री के रूप में उनकी किसी भी ऐसी गलती को माफ नहीं किया जा सकता जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली हो। उनकी सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है फिर चाहे वो मुख्यमंत्री के 86 साल के पिता ही क्यों न हो।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal