Breaking News

प्रदेश के नागरिकों की मंगल कामना के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सहा कुश से बने सोंटे का प्रहार

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हर साल की परंपरा के मुताबिक प्रदेश की मंगल कामना और विघ्नों के नाश के लिए कुश से बने सोंटे का प्रहार सहा।  ग्राम जंजगिरी में बीरेंद्र ठाकुर ने उन पर सोटे का प्रहार किया। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह सोटे का प्रहार विघ्नों का नाश करने वाला है। इससे सुख और समृद्धि आती है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रामीणों से कहा कि हर साल श्री भरोसा ठाकुर प्रहार करते थे। अब यह परंपरा उनके पुत्र बीरेंद्र ठाकुर निभा रहे हैं। ग्रामीणों से चर्चा में उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा गोवंश की समृद्धि की परंपरा की पूजा है। जितना समृद्ध गोवंश होगा, उतनी ही हमारी तरक्की होगी। इस वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा इतनी लोकप्रिय होती है। लोग साल भर इसका इंतजार करते हैं। एक तरह से यह पूजा गोवंश के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक भी है। हर साल आप लोगों के बीच मैं पहुंचता हूं और मुझे बहुत खुशी होती है। गोवर्धन पूजा लोक के उत्सव की परंपरा है। हमारे पूर्वजों ने बहुत सुंदर छोटी-छोटी परंपराओं का सृजन किया और इन परंपराओं के माध्यम से हमारे जीवन में उल्लास भरता है। गोवर्धन पूजा और गौरा-गौरी पूजा मिट्टी के प्रति गहरे अनुराग का उत्सव है। हमारा प्रदेश सांस्कृतिक रूप से बहुत समृद्ध है और हम इस सांस्कृतिक समृद्धि को धरोहर के रूप में सहेजे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी माटी की अस्मिता को सहेजना और उसका संवर्धन करना हम सब का कर्तव्य है। बेहद सुंदर परंपराएं हमारे छत्तीसगढ़ की है। इस बात की आशंका थी कि धीरे-धीरे यह परम्पराएं कहीं विस्मृत न हो जाएं। हमने यह संकल्प लिया कि अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को अपनी व्यवस्था में शीर्षस्थ स्थान देंगे क्योंकि परंपरा से हमारा अस्तित्व भी है। परंपरा से हमारे मूल्य भी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी ग्रामीण संस्कृति के पर्व कृषि को बढ़ावा देने वाले पर्व हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गौरा गौरी पूजा में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि इतना सुंदर पूजन और इसके बाद पर्व के उल्लास की अभिव्यक्ति आप लोग कर रहे हैं। मैं कामना करता हूं कि हमारा प्रदेश निरंतर तरक्की की राह पर आगे बढ़े। आपके जीवन में खुशियां आए। आपके लिए मैं मंगल कामनाएं करता हूं।

Check Also

गांधी और शास्त्री जयंती पर राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पत्रिका ‘प्रयास’ और पुस्तक ‘तारुण्य वार्ता’ का किया विमोचन, वेबसाइट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!