Breaking News

स्टेशन रोड पर गड्‌ढे ही गड्‌ढे : आवाजाही करने वाले हजारों लोग त्रस्त : पीडब्लूडी अफसर मस्त

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग जिला मुख्यालय की सड़कें खस्ताहाल हैं लेकिन अफसरों को ऊबड़खाबड़ सड़कों की मरम्मत कराने या दोबारा डामरीकरण करने में दिलचस्पी नहीं है। सबसे व्यस्ततम और भीड़भाड़ वाले स्टेशन रोड के अलावा गुरुद्वारा रोड, जीई रोड पर गड्‌ढों की भरमार सबसे ज्यादा है। विधायक अरुण वोरा ने इन सड़कों का डामरीकरण करने या पैचवर्क करने पीडब्लूडी अफसरों को निर्देश दिए हैं, लेकिन अफसरों ने अभी तक मरम्मत का काम शुरू नहीं किया। स्टेशन रोड पर आवाजाही करने वाले हजारों लोग त्रस्त हैं … वहीं पीडब्लूडी अफसर मस्त हैं … उन्हें पब्लिक की परेशानी की कोई परवाह ही नहीं है।

पीडब्लूडी अफसरों की लापरवाही का आलम ये है कि बारिश थमने के करीब एक माह बाद भी सड़कों का डामरीकरण या पैचवर्क का काम शुरू नहीं किया। पीडब्लूडी अफसर जर्जर हो चुकी सड़कों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। विधायक अरुण वोरा द्वारा तीन माह पहले शहर की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाए जाने के बाद कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सड़कों का जायजा लिया था। अफसरों को निर्देश भी दिये लेकिन कलेक्टर के निर्देश के बावजूद पीडब्लूडी अफसरों ने मरम्मत का काम शुरू नहीं कराया। स्टेशन रोड पर गड्‌ढों के कारण लोग हर दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं।

बारिश के दौरान सड़कों पर गड्‌ढे होने पर नागरिकों को तात्कालिक राहत देने महापौर धीरज बाकलीवाल ने खुद खड़े होकर जीई रोड, स्टेशन रोड, गुरुद्वारा रोड पर मुरुम और मलबा भरने का काम कराया। बाद में कलेक्टर की फटकार के बाद पीडब्लूडी अफसरों ने कुछ स्थानों पर सड़कों में ईंट पत्थर का मलबा भरने का काम कराया। बारिश थमने के बाद पैचवर्क का काम विभाग ने अभी तक शुरू नहीं किया  है।

… तब पीडब्लूडी दफ्तर में कांग्रेसियों ने भैंस के आगे बजाई थी बीन   

भाजपा शासनकाल में कांग्रेसियों ने जर्जर सड़कों की हालत सुधारने के लिए पीडब्लूडी दफ्तर में जमकर हंगामा किया था। कांग्रेसियों ने पीडब्लूडी दफ्तर और कलेक्ट्रेट में कई बार धरना प्रदर्शन किया था। काम न होने पर कांग्रेसियों ने बाकायदा दफ्तर में भैंस के आगे बीन बजाई थी। लगातार प्रदर्शन के बाद यहां की सड़कों का जीर्णोद्धार कराया गया। कांग्रेस की सरकार बनने के तीन साल बाद शहर की सड़कों की हालत खराब हो चुकी है। इसके बावजूद पीडब्लूडी अफसर मौन साधे हुए हैं।

सड़कों की हालत काफी जर्जर … मुख्यमंत्री से करेंगे डामरीकरण कराने राशि की मांग : वोरा 

विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि शहर के भीतर नगर निगम और पीडब्लूडी की सड़कें हैं जिनका संधारण करना जरूरी है। मैंने आज सुबह निगम कमिश्नर को निगम की सड़कों की मरम्मत का काम तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिये हैं। जिन सड़कों की हालत ज्यादा खराब है वहां डामरीकरण कराना जरूरी है। इसके लिए शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर राशि मंजूर करने की मांग की जाएगी।

Check Also

आस्था वृद्धाश्रम में नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय-भोजनालय का सांसद विजय बघेल ने किया लोकार्पण

THE CG NEWS कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल एवं विशिष्ट अतिथि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!