द सीजी न्यूज डॉटकॉम

कोरोना महामारी से बचाव के लिए हो रहे वैक्सीनेशन में रायगढ़ जिले ने शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया है। कोविड टीकाकरण के मामले में रायगढ़ जिला देश के उन टॉप जिलों में शामिल हो गया है, जहां शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण का काम सबसे पहले पूरा कर लिया गया है।
रायगढ़ जिले में टीकाकरण की शुरूआत 16 जनवरी 2021 से हुई थी। मात्र 298 दिनों में टीकाकरण जिले ने शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया। रायगढ़ जिले में 10 लाख 68 हजार 456 लोगों को टीके लगाए जाने का लक्ष्य था, जिसे पूरा करते हुए टीके के दोनों डोज लगाए जा चुके हैं। जिले में अब तक पहला व दूसरा डोज मिलाकर जिले में कुल 21 लाख 47 हजार 169 टीके लगाए गए हैं।
रायगढ़ कलेक्टर भीम सिंह ने कहा कि कोविड टीकाकरण सबसे पहले पूरा करना एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य सभी विभागों के अधिकारियों से लेकर जमीनी अमले, जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों की आपसी साझेदारी के फलस्वरूप यह सफलता मिली है। जिले में कोविड टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सुनियोजित प्लानिंग की गई। टीका लगाने से हिचक रहे लोगों की शंकाओं का समाधान किया गया। इस कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों का भरपूर सहयोग लिया गया।