
- महामहिम राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में होने वाले समारोह में पहली बार नगर निगम दुर्ग के महापौर-आयुक्त होंगे शामिल
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / स्वच्छता सर्वेक्षण व जीएफसी रैंकिंग सर्वेक्षण में नगर निगम दुर्ग को पूरे भारत में उत्कृष्ट स्थान मिला है। विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त हरेश मंडावी के अथक प्रयासों और मार्गदर्शन से यह उपलब्धि हासिल हुई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के लिए विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ अमृत महोत्सव अंतर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 स्टार रेटिंग सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज अवार्ड का आयोजन भारत के महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मुख्य आतिथ्य में विज्ञान भवन नई दिल्ली में कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम में शामिल होने नगर निगम दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल, आयुक्त हरेश मंडावी व राज्य शहरी विकास अभिकरण रायपुर के अधिकारियों को दिल्ली प्रवास के लिए राज्य शासन द्वारा नामांकित किया गया है। महापौर धीरज बाकलीवाल ने अवार्ड मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक अरुण वोरा और शहर के नागरिकों व निगम कर्मचारियों द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने के कारण यह अवार्ड प्राप्त हुआ है। यह अवार्ड शहर की जनता को समर्पित है।
आयुक्त हरेश मंडावी ने बताया कि राष्ट्रपति के कर कमलों से यह अवार्ड लेने के लिए शासन का पत्र नगर निगम को प्राप्त हो चुका है। अवार्ड के लिए मुख्य समारोह 20 नवंबर को सुबह 11 बजे होगा। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया, सचिव अलरमेल मंगई डी सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। आयुक्त ने अवार्ड प्राप्त करने में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल और सभी जनप्रतिनिधिगण के अलावा शहर के जागरूक नागरिकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों व सफाई कामगारों को बधाई दी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal