
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाईनगर/ जिओ कंपनी द्वारा रात के समय चोरी छिपे केबल बिछाने सड़क की खोदाई करने का मामला उजागर हुआ है। नगर निगम के अफसरों ने योजना बनाकर कंपनी का केबल जब्त किया। अधिकारियों ने बताया कि वैशालीनगर के वार्ड 16 कुरूद कैलाश नगर हाईटेशन लाइन के पास जान्हवी ब्यूटी पार्लर के समीप जिओ फाईबर केबल कंपनी द्वारा शाम करीब 6 बजे खोदाई की तैयारी की जा रही थी। इसकी भनक मिलने पर निगम की टीम ने बिना अनुमति केबल बिछाने के कारण केबल वायर और केसिंग पाइप को जप्त कर लिया।
उप अभियंता पुरूषोत्तम सिन्हा ने बताया कि पहले भी जिओ केबल कंपनी द्वारा केबल बिछाने के लिये खोदाई की गई थी। इस कार्य के कारण दो स्थानों पर पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हुई। रात में चोरी-छुपे खोदाई करने के कारण यह पता नहीं चल पा रहा था कि खोदाई का काम कौन कर रहा है। वैशाली नगर निगम की जोन आयुक्त पूजा पिल्ले ने तोड़फोड़ दस्ता के साथ कार्यालयीन समय के बाद क्षेत्र का निरीक्षण करने की योजना बनाई। खोदाई करने वालों का पता लगाने क्षेत्र में निरीक्षण करने निकलने पर जान्ह्वी ब्यूटी पार्लर के सामने केबल और फाइबर पाइप के साथ जिओ कंपनी के कर्मचारी खुदाई की तैयारी में मिले। उसी दौरान निगम की टीम ने पहुंचकर यह कार्रवाई की।
मौके पर केबल बिछाने के लिये स्टाफ से एनओसी मांगी गई, लेकिन एनओसी से संबंधित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद 3 बंडल प्लास्टिक केबल और 10 नग लोहे का केसिंग पाइप जप्त किया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम, तोड़फोड़ दस्ता से कन्हैया यादव, चैतु, मंगल, लालू व अन्य कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal