
- अच्छी गुणवत्तायुक्त शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार : वोरा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार द्वारा होनहार बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए शुरू की गई स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल की योजना के तहत दुर्ग शहरी क्षेत्र में दूसरे स्कूल का निर्माण कार्य आज से शुरू हुआ। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक व छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा के प्रयासों से दीपक नगर स्कूल के बाद तकिया पारा स्कूल को भी स्वामी आत्मानंद स्कूल का दर्जा मिल चुका है। 1 करोड़ 54 लाख से दीपक नगर स्कूल के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ करने के बाद विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने 64 लाख की लागत से तकियापारा स्कूल में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

वोरा ने यहां 27 लाख से अहाता निर्माण और 37 लाख से भवन रेनोवेशन कार्य का भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ कराया। शिक्षक-शिक्षिकाओं और वार्डवासियों, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम के दौरान वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उच्च गुणवत्ता युक्त शिक्षा हर अमीर-गरीब, सर्वसाधारण परिवार से आने वाले बच्चों का एकसमान अधिकार है। अपने पैरों पर खड़ा होने और माता-पिता, बड़े बुजुर्गों की सेवा करने के लिए शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए हर बच्चे को शिक्षित होना आवश्यक है।
वोरा ने कहा कि भूपेश सरकार ने स्वास्थ्य के साथ ही शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा स्वामी आत्मानंद विद्यालय की अतुलनीय योजना शुरू की है, जिसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में 172 से अधिक विद्यालयों का चयन किया गया है। दुर्ग शहर की आबादी को देखते हुए 5 उत्कृष्ट विद्यालयों की मांग की गई थी जिसमें से दो को इसी सत्र में तत्काल स्वीकृति प्राप्त हो गई है। उन्होंने विद्यालय की तुलना बड़े नाम वाले अंग्रेजी स्कूलों से करते हुए कहा कि पहले लोग निजी स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए भटकते थे, लेकिन अब लोग आत्मानंद विद्यालय में अपने बच्चो का प्रवेश करा रहे हैं। वार्डवासियों ने विद्यालय में आसपास के नागरिकों के बच्चों के लिए सीटें आरक्षित करने की मांग रखी, जिस पर वोरा ने मुख्यमंत्री से चर्चा कर शासन स्तर पर नियम बनाने का आश्वासन दिया। इस दौरान एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, दीपक साहू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रऊफ कुरैशी, अमीन कुरैशी, शेख अमीर, अनीस रजा, नासिर खोखर, अंशुल पांडेय, सैयद सैफ, जहांगीर आजमी, प्रिंसिपल अनिल शुक्ला, निगम अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी, जितेंद्र समैया, विकास दमाहे सहित सैकड़ों की संख्या में वार्ड वासी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal