Breaking News

सौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर हो रहा है जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण का काम : आम जनता परेशान

फाइल फोटो – जीई रोड के उन्नयन योजना में अधूरे निर्माण से नागरिकों और व्यवसाइयों की परेशानी सुनते हुए विधायक अरुण वोरा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

पीडब्लूडी विभाग ने अब विकास की धीमी गति को लेकर अब नया मुहावरा गढ़ा है। धीमी गति से काम होने पर कहा जाता है कि नौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर काम हो रहा है। लेकिन, नेहरू नगर चौक से मिनीमाता चौक तक जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण का काम नौ दिन नहीं, बल्कि सौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर किया जा रहा है।  64 करोड़ की लागत से रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी गति से जनता परेशान है। विधायक अरुण वोरा बार-बार काम में तेजी लाने के निर्देश दे रहे हैं। लेकिन, पीडब्लूडी अफसरों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग शहर में रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य का वर्चुअल भूमिपूजन 2 अक्टूबर 2020 को किया था।भूमिपूजन के बाद रोड उन्नयन का काम शुरू करने में भी लेटलतीफी की गई। इस योजना को स्वीकृति दिलाने वाले विधायक अरुण वोरा के कड़े निर्देश के बाद पीडब्लूडी अफसरों ने 12 दिसंबर 2020 को यह काम शुरू कराया। पीडब्लूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू और विधायक अरुण वोरा की मौजूदगी में कार्यक्रम के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया।

हालत ये है कि 13 माह में न तो रोड का चौड़ीकरण किया जा सका है, न रोड के दोनों ओर ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण पूरा हो पाया है। रोड के एक ओर सौंदर्यीकरण के लिए दीवारों का निर्माण भी आधा-अधूरा है। चौक-चौराहों को शिफ्ट करने के साथ ही सौंदर्यीकरण का अभी तक अता पता नहीं है। 13 महीने बाद पीडब्लूडी विभाग ने रोड की दुर्गति कर दी है।

फाइल फोटो – वोरा के सख्त निर्देशों के बाद जीई रोड के गड्‌ढे भरे गए। हाल ही में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले इन गड्‌ढों पर पैचवर्क किया गया।

विधायक अरुण वोरा ने पीडब्लूडी अफसरों से साफ शब्दों में कहा है कि रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए। पीडब्लूडी और निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी को काम की रफ्तार में तेजी लाना होगा। 13 महीने के कार्यकाल में अब तक हुई प्रगति पर वोरा ने असंतोष जताते हुए कहा कि इस अवधि में जितना काम होना चाहिए था, उसका 50 फीसदी काम भी नहीं हो पाया है।

शहर के सबसे ज्यादा ट्रैफिक वाले जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण योजना का काम रुक-रुक कर होने से सबसे ज्यादा परेशानी आम जनता को हो रही है। निर्माण की सुस्त चाल और बिना प्लानिंग काम करने के कारण लोगों को महीनों तक मालवीय चौक के दोनों ओर लोगों को गड्‌ढे और धूल भरी सड़क पर आवागमन करना पड़ा। पिछले दिनों मुख्यमंत्री के दुर्ग आगमन से ठीक एक दिन पहले विधायक अरुण वोरा की फटकार और कलेक्टर के निर्देश पर पैचवर्क करते हुए सड़क के गड्‌ढे भरने डामरीकरण के पैबंद लगाने का काम किया गया।

रात के समय जीई रोड के बड़े हिस्से में रौशनी नहीं है। डिवाइडर में लगे पोल हटाए जाने के कारण यहां अंधेरा रहता है। रोड के दोनों ओर नाली निर्माण, शंकर नाला को डायवर्ट करने सहित हर काम में ढिलाई बरती जा रही है। सड़कों पर उड़ती धूल के गुबार से लोग परेशान हैं। योजना में हो रही लेटलतीफी के बावजूद पीडब्लूडी अफसरों ने चुप्पी साध रखी है। जिस रफ्तार से काम होने की उम्मीदें की जा रही थी, पीडब्लूडी अफसरों ने उन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

Check Also

वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राउंड टेबल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!