
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 23 नवम्बर को अपने निवास कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में सुबह 11 बजे राजनांदगांव जिले के चिटफंड कंपनियों के निवेशकों को 2 करोड़ 36 लाख की राशि वापस करेंगे। यह राशि चिटफंड कंपनियों के कुर्क की गई संपत्ति की नीलामी से प्राप्त की गई है।
राजनांदगांव के कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में चिटफंड कंपनियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। पटवारियों के माध्यम से चिटफंड कंपनियों की संपत्ति का पता लगाने व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। चिटफण्ड कंपनियों के निवेशकों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर 300 कंपनियों का विवरण तैयार किया गया है, जिसे जांच के लिए पुलिस विभाग और संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय को भेजा गया है।
डोंगरगढ़ तहसील के अंतर्गत ग्राम घोटिया में चिटफण्ड कंपनी शुभ सांई देवकान इंडिया लिमिटेड की कुल 9.72 एकड़ भूमि को कुर्की करने अंतःकालीन आदेश पारित कर विशेष न्यायालय (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) को अंतिम आदेश के लिए प्रस्तुत किया गया है। चिटफंड कंपनियों की संपत्ति कुर्क कर नीलामी से 2 करोड़ 36 लाख रूपए प्राप्त हुए हैं। यह रकम निवेशकों को वापस की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal