
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / शहर के नौजवान पत्रकार आनंद सिंह राजपूत के इलाज में लापरवाही और आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन द्वारा इलाज के नाम पर रकम वसूलने की शिकायत कलेक्टर से की गई है। प्रदेश पत्रकार यूनियन ने कलेक्टर से इस मामले की लिखित शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि आनंद सिंह राजपूत को 20 नवंबर को नेहरू नगर स्थित मित्तल हास्पिटल में भर्ती कराया गया। उस समय अस्पताल प्रबंधन को आनंद के परिजनों मे आयुष्मान कार्ड के संबंध में जानकारी दी गई थी। भर्ती कराने के कुछ देर बाद ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा आनंद के परिजनों को 20 हजार रुपए जमा करने कहा गया। राशि जमा कर दी गई, लेकिन अस्पताल द्वारा रसीद नहीं दी गई।
इलाज प्रारंभ होने पर आनंद के परिजनों को हर घंटे दवाईयां खरीदने गया। मेडिकल टेस्ट भी नगद पेमेंट देने पर ही किये गए। आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद नगद भुगतान के बाद ही इलाज होने की जानकारी मिलने पर प्रदेश पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सतीश बौद्ध ने आयुष्मान कार्ड के पोर्टल में दिये गए नंबर और जिला कोआर्डिनेटर से टेलीफोनिक शिकायत की। इसके बाद अस्पताल में भर्ती पत्रकार आनंद राजपूत की पत्नी को मित्तल अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी कौशिक अग्रवाल ने धमकाते हुए कहा कि आप लोग आयुष्मान कार्ड के अधिकारियों से शिकायत कर रहे हो। मरीज हमारे अस्पताल में है, हम देख लेंगे। इसकी शिकायत भी अस्पताल के डॉक्टरों से की गई।
इस घटना के 24 घंटे के भीतर ही आनंद राजपूत की मौत हो गई। आशंका है कि इस मामले की शिकायत करने के कारण ही इलाज में कोताही बरती गई जिसके कारण उनकी मौत हो गई। इलाज के दौरान दवाई और टेस्ट के लिए करीब डेढ़ लाख रुपए नगद जमा किया गया। बिल की मांग करने पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा कहा गया कि आयुष्मान कार्ड से इला कराने वाले मरीजों को नगद और टेस्ट का बिल नहीं दिया जाता है। प्रदेश पत्रकार यूनियन ने मित्तल अस्पताल प्रबंधन द्वारा आनंद राजपूत के इलाज में लापरवाही और मौत के कारणों की जांच कर दांडिक कार्रवाई करने की मांग कलेक्टर से की गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal