Breaking News

जलाराम ट्रॉफी : राज्य स्तरीय ओपन शतरंज स्पर्धा 18 दिसंबर से दुर्ग में

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग / छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में दुर्ग जिला शतरंज द्वारा लोहाना महाजन समाज के सहयोग से आगामी 18 दिसम्बर से 22 दिसम्बर तक स्व. लाल जी भाई आढ़तिया की स्मृति में छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय ओपन शतरंज स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। यह स्पर्धा श्री जलाराम सांस्कृतिक भवन में होगी।
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि संरक्षक व समाजसेवी प्रवीण भाई आढ़तिया के पिता की स्मृति में आयोजित होने वाली श्री जलाराम ट्रॉफी राज्य की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी के रूप में जानी जाती है। प्रदेश की नई कार्यकारिणी गठित होने के बाद यह राज्य स्तरीय शतरंज की पहली स्पर्धा है। लॉकडाउन अवधि के बाद यह ऑफ़लाइन की पहली स्पर्धा होने के कारण खिलाडियों की संख्या में भी काफी वृद्धि होने की संभावना है। स्पर्धा के आयोजन से छत्तीसगढ़ में शतरंज को लेकर एक नया रुझान उत्पन्न होगा और शतरंज की खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
स्पर्धा में कुल 50800 रुपये की नगद राशि ईनाम स्वरूप रखी गई है। पहला पुरस्कार 11000 रुपये नगद व श्री जलाराम विजेता ट्रॉफी, दूसरा पुरस्कार  7000 रुपए, तीसरा पुरस्कार 5000 रुपए, चौथा 2500 रुपए, पांचवा पुरस्कार 2000 रुपए, छठवां 1500 रुपए, सातवां पुरस्कार 1200 रुपए, आठवां पुरस्कार 1100 रुपए, नौवां पुरस्कार 1000 रुपए, दसवां पुरस्कार 800 रुपए, ग्यारहवां पुरस्कार 700 रुपए दिया जाएगा। इस तरह कुल 32800 रुपये मुख्य पुरस्कार के रूप में आयोजक मंडल द्वारा दिया जाएगा। अन्य आकर्षक पुरस्कारों में रेटिंग कैटेगरी के तहत 1000-1200, 1201-1400, 1401-1500 की सभी कैटेगरी में क्रमशः प्रथम 600 रुपये, द्वितीय 500 रुपये और तृतीय 400 रुपये  शामिल है। इसी तरह से अनरेटेड, बेस्ट दुर्ग, बेस्ट फीमेल, बेस्ट वेटेरन को भी प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 600, 500 व 400 रुपये के पुरस्कार दिये जाएंगे। विविध आयु समूह के अंतर्गत अंडर-10,अंडर-12,अंडर- 14,अंडर-16, अंडर-18 आयु समूहों में भाग लेने वाले सब जूनियर व जूनियर वर्ग के खिलाडियों के लिए सभी कैटेगरी में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 600,500 व 400 रुपये की नगद राशि दी जावेगी।

स्पर्धा में छत्तीसगढ़ राज्य के कोई भी खिलाड़ी जिसका ऑल इंडिया चेस फेडरेशन से वर्ष 2021-22 हेतु खिलाड़ी के रूप में पंजीयन है, वो   इस स्पर्धा में 500 रुपये प्रवेश शुल्क देकर भाग ले सकता है। प्रतियोगिता में प्रवेश की अंतिम तिथि 16 दिसम्बर तय की गई है। खिलाड़ियों के रुकने के लिए आवास की व्यवस्था निशुल्क की गई है। स्पर्धा अंतरराष्ट्रीय नियमानुसार स्वीस लीग पद्धति से 11 चक्रों में सम्पन्न होगी। प्रत्येक दिन बाजियां तीन चक्रों में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपना पंजीयन ऑनलाइन मिथलेश बंजारे व हेमन्त खुंटे के पास सर्कुलर में दिए गए बैंक विवरण के आधार पर जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता से संबंधित किसी प्रकार की अन्य जानकारी के लिए  खिलाड़ी आयोजक ईश्वर सिंह राजपूत ( 79996 36611), अलंकार भिवगड़े, मिथलेश बंजारे, तुलसी सोनी, दिनेश जैन के साथ-साथ अपनी जिला इकाई के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

Check Also

मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल – शशिकांत को एम्स में कराया भर्ती

4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत मुख्यमंत्री ने शशिकांत से दूरभाष पर बातचीत कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!