
- व्यवस्थित धान खरीदी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
- सभी समितियों के कम्प्यूटर ऑपरेटर को दिया गया धान खरीदी का प्रशिक्षण
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के सभी 145 धान उपार्जन केन्द्रों में 1 दिसम्बर से धान खरीदी शुरू होगी। आज सभी समितियों के कम्प्यूटर ऑपरेटर को धान खरीदी के संबंध में मार्कफेड के प्रोग्रामर द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। सभी केन्द्रों में बारदानों की आपूर्ति कर दी गई है। नये बारदाने के साथ ही पीडीएस के बारदाने भी भेज दिए गए हैं। मिलर्स प्लास्टिक बारदाना भेज रहे हैं। पहले दिन से ही किसान बारदाना में धान खरीदी की जाएगी। इसके लिए कल से टोकन देने की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। समितियों में व्यवस्थित धान खरीदी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों से कहा है कि किसानों को किसी तरह की तकलीफ नहीं होनी चाहिए। धान उपार्जन केन्द्रों में टोकन जारी किया जाए और लघु व सीमांत किसानों के धान की खरीदी पहले होना चाहिए। सभी धान उपार्जन केन्द्रों में धान की नमी की जांच के लिए आर्द्रता मापी यंत्र रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्थिति में 17 प्रतिशत से अधिक नमी होने पर धान क्रय नहीं किया जाएगा। उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में कांटा-बांट व अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इंटरनेट कनेक्टीविटी और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिये।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों के धान की राशि का भुगतान डिजिटल मोड से उनके खाते में राशि का अंतरण किया जाएगा। इसके लिए उन्हें धान उपार्जन केन्द्र में कम्प्यूटर से भुगतान प्रमाण पत्र प्रदान किया जाए। धान खरीदी के बाद से ही धान का उठाव शुरू करने के निर्देश दिए हैं। खरीदी केन्द्र में भण्डारित समस्त धान के उठाव के लिए आवश्यक परिवहन व्यवस्था करने और कस्टम मिलिंग, सुरक्षा व्यवस्था, कोविड-19 से बचाव हेतु व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिये गए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal