
दुर्ग / कलेक्टर जनदर्शन में 70 वर्षीय बुजुर्ग को आर्थिक सहायता मिली। एक सप्ताह पहले सुभाष नगर कसारीडीह निवासी बुजुर्ग ने कैंसर से पीड़ित पत्नी के इलाज के दौरान हुई मृत्यु के बाद खर्च के लिए आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत करने जनदर्शन में आवेदन दिया था। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त करते हुए 1 सप्ताह के बाद जनदर्शन में मिलने कहा था। बुजुर्ग ने आज कलेक्टर से दोबारा जनदर्शन में मुलाकात की। कलेक्टर ने बुजुर्ग को देखते ही पहचान लिया। कलेक्टर ने बताया कि उनकी समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से 1.50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हो गई है। अविलंब स्वीकृत राशि उनके खाते में जमा कर दी जाएगी। बुजुर्ग ने इस उदारता के लिए शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जनदर्शन में 18 नागरिकों ने कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे से भेटकर उन्हें अपनी समस्या और मांगों से अवगत कराया। कलेक्टर ने एक-एक आवेदन का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित विभाग को कार्यवाही के लिए प्रेषित किया। नागरिक समिति, न्यू आदर्श नगर दुर्ग निवासी ने अपने वार्ड में 10 वर्ष पूर्व बनी जर्जर सड़क के मरम्मत संबंधी आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि वार्ड निवासी, नगर निगम में सड़क मरम्मत के लिए आवेदन देते आ रहे हैं। जर्जर सड़क होने के कारण वार्ड वासियों को कई प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जर्जर सड़क की मरम्मत व सीसी रोड निर्माण करने की मांग की है।
उमरपोटी के बुजुर्ग दम्पत्ति ने आवेदन देते हुए बताया कि उनके नाम की जमीन पर वर्ष 2012 में जमीन के बिक्री का एग्रीमेंट तैयार हुआ था। खरीदार द्वारा कोरे स्टांप पर एग्रीमेंट तैयार कराकर दस्तखत ले लिया गया और साल भर के भीतर रजिस्ट्री कराने का एग्रीमेंट तैयार हुआ। खरीददार द्वारा अब तक रजिस्ट्री नहीं कराई गई है और वो एग्रीमेंट पेपर में एग्रीमेंट तिथि को आगे बढ़ा रहा है। बुजुर्ग दंपत्ति ने एग्रीमेंट निरस्त कराने की मांग की है। कलेक्टर ने सभी आवेदनों के उचित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal