
- 1 दिसंबर से धान खरीदी सहित अन्य मुद्दों पर कलेक्टर ने दिये कड़े निर्देश
- धान खरीदी के पहले दिन से ही अपने बारदाने में धान का विक्रय कर सकेगें किसान
- कोचियों और अन्य राज्यों से अवैध धान आने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि सभी धान खरीदी केन्द्रों में 1 दिसंबर से धान खरीदी शुरू होगी। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। किसान पहले दिन से ही अपने बारदाने में धान का विक्रय कर सकेगें। प्रत्येक धान खरीदी केन्द्र की निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारी केन्द्रों का निरीक्षण करें। धान खरीदी केन्द्र में कांटा बांट, आद्र्रता मापी यंत्र सहित अन्य व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए चेक पोस्ट में कड़ी निगरानी रखी जाए। कोचियों और अन्य राज्यों से अवैध धान आने पर कड़ी कार्रवाई किया जाए। एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी और खाद्य विभाग के अधिकारी धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि चिटफंड कंपनियों का पता उपलब्ध कराया गया है। पुलिस विभाग के माध्यम से कंपनियों को नोटिस प्रेषित करें। जिन कंपनियों की संपत्ति पर कार्रवाई हो गई है, उनका नीलामी कराना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि कोविड-19 के नये वेरियंट को दृष्टिगत रखते हुए संक्रमण से सुरक्षा के लिए केन्द्र व राज्य सरकार ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए है। कोरोना संक्रमण के बचाव का सबसे अच्छा तरीका टीका लगाना और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना है। सभी अनिवार्य रूप से टीकाकरण जरूर कराएं और कोविड एप्रोप्रिएट का पालन जरूर करें। उन्होंने कहा कि जिले में अब तक 18 लाख लोगों ने टीका लगवा लिया है। शेष लोगों के टीकाकरण के लिए गुरूवार को टीकाकरण विशेष महाभियान चलाया जाए। इसमें शत-प्रतिशत टीकाकरण करने रणनीति बनाएं। उन गांवों को चिन्हांकित करें, जहां टीका लगाने के लिए ज्यादा लोग बचे है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता डोर टू डोर जाकर टीकाकरण करें।
उन्होंने कहा कि 1 दिसम्बर से 15 दिसम्बर तक रबी फसल बीमा योजना सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। किसान लोक सेवा केन्द्र, बैंक में या स्वयं पंजीयन करा सकते हैं। इसके अंतर्गत चना, गेहूं, अलसी फसल का बीमा किया जाएगा। पंचायत स्तर पर पटवारी, ग्रामीण विस्तार अधिकारी के माध्यम से फसल बीमा का प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें। पालिका निर्वाचन के लिए लागू आचार संहिता का सभी कड़ाई से पालन करें।
कलेक्टर ने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन मजदूर किसान न्याय योजना, कोविड-19 से मृत्यु होने पर परिजनों को मुआवजा, मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, लोक सेवा गारंटी, जल-जीवन मिशन सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की।
सीईओ जिला पंचायत लोकेश चंद्राकर, वन मंडलाधिकारी खैरागढ़ संजय यादव, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राजनांदगांव अरूण कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो क्रान्फेंसिंग के माध्यम से विकासखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal