
- फसलों के बीच में उगे खरपतवार की पहचान और निदान में मिलेगी मदद
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आयोजित प्रतियोगिता के परिणाम जारी कर दिये गए। देश के टॉप 20 प्रोजेक्ट में छत्तीसगढ़ के छात्रों के प्रोजेक्ट को भी चुना गया है। यह प्रोजेक्ट फसलों के बीच उगे खरपतवारों को पहचानने में उपयोगी है। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्रा के छात्र वैभव देवांगन और धीरज यादव ने यह प्रोजेक्ट तैयार किया है। केन्द्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली के भारतीय पर्यावास सेंटर में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के इन दोनों छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इन छात्रों ने भारतीय पर्यावास सेंटर नई दिल्ली में 29 और 30 नवंबर को आयोजित प्रदर्शनी में अपने प्रोजेक्ट का प्रदर्शन किया था। अंतिम रूप से विजेता घोषित करने के पहले दोनों छात्रों का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विशेषज्ञ द्वारा ऑनलाइन साक्षात्कार लिया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन केन्द्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भी किया। इस अवसर पर विभाग के सचिव और डिजीटल इंडिया के सीईओ अभिषेक सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
विद्यालय के व्याख्याता सुबोध कुमार तिवारी ने लॉकडाउन के समय छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का अध्यापन ऑनलाइन कराया। छात्रों ने इस तकनीक के उपयोग से कृषि प्रधान राज्य के किसानों की सुविधा के लिए प्रोजेक्ट बनाए। ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाले किसान पुत्र छात्र वैभव देवांगन और धीरज यादव ने फसलों के बीच उगे खरपतवारों को पहचानने का सॉफ्टवेयर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के उपायोग से बनाया है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आयोजित प्रतियोगिता में शामिल हुए 52 हजार छात्र
प्रतियोगिता में कुल 52 हजार 628 छात्र पंजीकृत हुए। प्रथम चरण में 11 हजार 466 छात्रों ने प्रशिक्षण लिया। पूरे देश से 2441 छात्रों से 2704 आईडियाज जमा किए गए। प्रथम चरण का परिणाम 12 जनवरी 2021 को जारी किया गया, जिसमें द्वितीय चरण के लिए 125 छात्रों की सूची जारी की गई। बाल दिवस की पूर्व संध्या पर 13 नवम्बर को टॉप 60 के परिणामों की सूची जारी की गई। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य के महासमुंद जिले के सरकारी स्कूल नर्रा के दो प्रोजेक्टों का चयन हुआ। इसके बाद आज अंतिम चरण में फायनल टॉप-20 में छत्तीसगढ़ के एक प्रोजेक्ट का चयन किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal