
- पुराने जूट बारदाने की दर 18 रुपए प्रति नग से बढ़ाकर 25 रुपए निर्धारित
- मुख्यमंत्री के साथ राईस मिलर्स एसोसिएशन की बैठक
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शाम छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में राज्य में धान की कस्टम मिलिंग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था के तहत सुव्यवस्थित कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलरों को प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर अब 120 रूपए प्रति क्विंटल करने का ऐलान किया। सीएम ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में राइस मिलर एसोसिएशन की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की और उनके निराकरण के लिए दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि किसानों के पुराने जूट बारदाने का मूल्य 18 रुपए प्रति नग से बढ़ाकर 25 रुपए कर दिया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा आज आदेश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने राइस मिलरों से कहा कि समितियों से धान का उठाव और मिलिंग कार्य में गति लाते हुए चावल जमा करने के कार्य को समयावधि में पूरा कर लिया जाए और बारदानों की आपूर्ति पर राइस मिलर्स भी विशेष ध्यान रखें।
मुख्यमंत्री द्वारा कस्टम मिलिंग के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाए जाने के ऐलान पर छत्तीसगढ़ प्रदेश राईस मिलर्स एसोशिएशन ने इसका स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सचिव खाद्य टोपेश्वर वर्मा, मार्कफेड की प्रबंध संचालक किरण कौशल सहित राइस मिलर एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश रुंगटा, महासचिव प्रमोद अग्रवाल, सलाहकार सचिव मोहनलाल अग्रवाल, पारस चोपड़ा, रोशन चंद्राकर, राजेन्द्र लुंकड, दिलीप अग्रवाल सहित एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal