
- कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र में प्रतिदिन टोकन प्राप्त करने वाले किसानों की सूची चस्पा करने के दिए निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज जिले के सुदूर वनाचंल क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छुईखदान विकाखण्ड के ग्राम साल्हेवारा, पैलीमेटा, कुकुरमुड़ा, झुरानदी, ठाकुरटोला और खैरागढ़ विकासखण्ड के अमलीडीह, अमलीपारा और बढ़ाईटोला के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने किसानों से बातचीत की। कलेक्टर ने कहा कि किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी केंद्र में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। धान विक्रय में किसी भी किसान को समस्या नहीं होगी। सभी किसानों का धान खरीदा जाएगा। धान खरीदी केंद्र में लगातार बारदाने उपलब्ध कराएं जा रहे हैं। शासन ने बारदाने की कीमत 18 रुपए से बढ़ाकर 25 रुपए कर दिया है। किसान द्वारा लाए बारदाने की राशि का भुगतान धान की राशि के भुगतान के साथ किया जाएगा।

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र में धान की गुणवत्ता, आर्द्रता मापी यंत्र से धान की नमी और कांटा-बांट का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों को कोचियों और बिचौलियों का धान न खरीदने के निर्देश दिए। धान खरीदी केंद्र में प्रतिदिन जिन किसानों का टोकन काटा जा रहा है, उसकी सूची केन्द्र में चस्पा करने के निर्देश दिए। इससे प्रतिदिन धान विक्रय करने वाले किसानों को जानकारी उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि लघु और सीमांत किसानों का धान प्राथमिकता से खरीदा जाए। धान को बारिश से बचाने के लिए कैप कव्हर की व्यवस्था रखें। धान खरीदी लगातार चलते रहने के लिए जल्द ही धान का उठाव शुरू करने अधिकारियों को निर्देश दिए। धान उपार्जन केंद्र पैलीमेटा में धान बेचने आए ग्राम मोहगांव के किसान रतन लाल ने बताया कि उनके पास 2 एकड़ खेत है और उन्होंने 11 क्विंटल धान विक्रय किया है। धान उपार्जन केंद्र कुकुरमुड़ा में गुमानपुर के किसान रामसिंह ने बताया कि उनके पास 16 एकड़ खेत है और अभी 300 कट्टा धान बेचने लाए हैं। इस दौरान जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के महाप्रबंधक सुनील वर्मा, जिला खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal