द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के पहले दिन पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा धान खरीदी राजनांदगांव में हुई है। जिले में फिलहाल बारदाने का कोई संकट नहीं है। इसके बावजूद समाचार पत्र में बोहनी खराब होने और बारदाना संकट के बीच धान खरीदी की खबर प्रकाशित की गई है। यह खबर पूरी तरह असत्य है। जिले में धान खरीदी के लिए बारदाने का संकट नहीं है। राजनांदगांव जिले में 1 दिसम्बर को 148 उपार्जन केन्द्रों में से 145 उपार्जन केन्द्रों में 3 हजार 281 किसानों से 1,22,275.00 क्विंटल धान खरीदी की गई। राज्य में खरीदी के पहले दिन सबसे ज्यादा धान खरीदी राजनांदगांव जिले में ही की गई।

कलेक्टर के निर्देश पर किसानों को टोकन जारी किया जा रहा है। टोकन प्राप्त करने वाले सभी किसानों का धान क्रय किया गया है। जिले में 1 दिसम्बर के लिए धान खरीदी के लिए 3 हजार 294 किसानों को 128382.00 क्विंटल धान का टोकन जारी किया गया था। उपार्जन केन्द्रों में धान लाने वाले समस्त 3 हजार 281 किसानों का 122275.00 क्विंटल धान क्रय किया गया है।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर जिले के प्रत्येक धान उपार्जन केन्द्र में नवीन बारदाना, पीडीएस बारदाना और राइस मिलर्स से एक भरती उपयोगी बारदाना पहुंचाया जा रहा है। प्रत्येक समिति में आगामी दिवस हेतु जारी टोकन के आधार धान खरीदी की जायेगी। टोकन के अनुपात में पर्याप्त बारदाने सभी केन्द्रों में उपलब्ध है। कलेक्टर के निर्देशन में सभी उपार्जन केन्द्रों में हर प्रकार की आवश्यक कार्रवाई समय पर की जा रही है। इससे धान विक्रय में किसानों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो रही है। जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से किया जा रहा है। जिले में किसी भी केन्द्र में धान खरीदी के संबंध में कोई शिकायत नहीं है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal