Breaking News

टाउनशिप की जनता को हाफ बिजली बिल योजना का लाभ क्यों नहीं ? कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ने उठाया अहम मुद्दा

  • महीनों तक गंदे पानी की सप्लाई की समस्या के बाद भी विधायक देवेंद्र यादव ने समस्या सुलझाने में नहीं दिखाई सक्रियता : कलेक्टर की पहल और लगातार मॉनिटरिंग के कारण ही शुरू हो पाई थी साफ पानी की सप्लाई
  • पटरीपार में विकास कार्य न करा पाना पिछले महापौर कार्यकाल की बड़ी नाकामी : निगम चुनाव में भाजपा ने बनाया मुद्दा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

पूरे प्रदेश में भले ही कांग्रेस की भूपेश सरकार के कल्याणकारी कार्यों का डंका बज रहा हो, लेकिन भिलाई नगर निगम में भाजपा के पिटारे में कई ऐसे मुद्दे हैं जिनका जवाब कांग्रेस प्रत्याशियों के पास नहीं हैं। भिलाई नगर निगम के पटरीपार एरिया में इस बार भाजपा का दबदबा रहेगा, ऐसा माना जा रहा है। भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने अपने 5 साल के महापौर कार्यकाल में पटरीपार में विकास के नाम पर केनाल रोड निर्माण के सिवा कुछ भी नहीं किया। टाउनशिप के गिने-चुने वार्डों में ही विकास कार्य कराने पर फोकस करने की नीति निगम चुनाव में कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति बेहतर होने के बावजूद भिलाई नगर निगम में टक्कर कांटे की है। चुनावी माहौल बता रहा है कि यहां दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर है। निर्दलीय प्रत्याशियों का गणित भी दोनों दलों के लिए बड़ी मुसीबत का सबब बन सकता है।

भिलाई नगर निगम चुनाव में टाउनशिप में कांग्रेस की स्थिति बेहतर मानी जा रही है, लेकिन भाजपा प्रत्याशियों ने अब हाफ बिजली बिल का मुद्दा उठाना शुरू कर दिया है। बता दें कि भूपेश सरकार ने पूरे प्रदेश में हाफ बिजली बिल योजना लागू की है जिसके तहत उपभोक्ताओं को 4 सौ यूनिट तक 50 प्रतिशत की छूट मिलने से आम जनता को बिजली बिल में काफी राहत मिली है। टाउनशिप में बिजली की सप्लाई बीएसपी प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है। यहां के लोगों को प्रदेश सरकार की योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। टाउनशिप के वार्डों के भाजपा प्रत्याशी इस मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ माहौल बना रहे हैं। लोगों से सवाल किया जा रहा कि बिजली बिल हाफ योजना का लाभ टाउनशिप की जनता को कांग्रेस सरकार क्यों नहीं दे रही है ?

भिलाई के वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्ञानचंद जैन ने कई महीने पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव को पत्र के माध्यम से इस मुद्दे से अवगत कराते हुए टाउनशिप के लोगों को राहत देने की मांग की थी। विधायक देवेंद्र यादव ने भी इस मुद्दे पर एक्सरसाइज की। बाद में विधायक ने इस अहम मुद्दे पर ध्यान ही नहीं दिया। भाजपा के वार्ड प्रत्याशी इसे चुनावी मुद्दा बना रहे हैं। कई निर्दलीय प्रत्याशी भी इसी मुद्दे पर कांग्रेस को घेर रहे हैं। 

कई महीने तक गंदे पानी की सप्लाई होने पर भी टाउनशिप की जनता विधायक देवेंद्र यादव के रवैये से नाराज है। लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर है कि रोज गंदे पानी के संकट से जूझने के बावजूद विधायक देवेंद्र यादव गंभीर नहीं रहे। कलेक्टर की बार बार सख्ती के बाद ही संकट से छुटकारा मिल सका। संकट से उबारने में विधायक देवेंद्र यादव की भूमिका नगण्य रही। इसके अलावा खुर्सीपार एरिया में कई इलाकों में पानी सप्लाई न होने का मुद्दा भी कांग्रेस के खिलाफ जा रहा है। समूचे पटरीपार में महापौर कार्यकाल के दौरान समुचित विकास कार्य न कराना भी विधायक देवेंद्र यादव की बड़ी नाकामी मानी जा रही है। इन सभी मुद्दों पर भाजपा ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Check Also

विकास कार्यों में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के दिए निर्देश

खामभाठा में निर्माणाधीन पुल से बच्चों, ग्रामीणों को हो रही परेशानी को मुख्यमंत्री ने गंभीरता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!