
- नवंबर में कोरोना की दर 0.26, दिसंबर में 0.46
- कलेक्टर ने अलर्ट रहने के दिये निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना संक्रमण को कमजोर करने व्यापक टेस्टिंग के साथ ही वैक्सिनेशन भी महत्वपूर्ण है। वैक्सिनेशन की ड्राइव को बूस्ट करने 15 दिसंबर को महाभियान चलाया जाएगा। वैक्सीन लगाने के लिए डोर डू डोर कैंपेन किया जाएगा। जिन लोगों ने टीकाकरण नहीं कराया है, उनसे कोविड के जोखिम से बचने के लिए टीकाकरण कराने की अपील की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि नवंबर माह में कोरोना की दर 0.26 प्रतिशत थी, जो दिसंबर में अब तक 0.46 प्रतिशत हो गई है। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने सार्वजनिक स्थलों जैसे बाजारों में मोबाइल टीम पहुंचकर टेस्टिंग करें। उन्होंने वैक्सिनेशन ड्राइव को तेज करने के निर्देश भी दिये। होम आइसोलेशन मेडिकल प्रभारी डॉ. रश्मि भुरे ने कहा कि ट्रेसिंग बेहद अहम है और इसके बाद आइसोलेशन में रहने वाले लोगों तक दवा पहुंचाना जरूरी है। साथ में स्टीकर आदि लगाने के कार्य की मानिटरिंग भी आवश्यक है। इस मौके पर एडीएम नूपुर राशि पन्ना, पद्मिनी भोई, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अभी तक 252 लोग विदेशों से लौटे
अधिकारियों ने बताया कि विदेशों से लौटे लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। अब तक 252 लोग विदेशों से लौटे हैं। इनमें से 29 लोगों को ट्रेस नहीं किया जा सका है। कुछ ने एड्रेस गलत दिया है। कलेक्टर ने ट्रेसिंग टीम को लगातार मानिटरिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विदेशों से आने वाले जिन लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। उनके घरों में भी होम आइसोलेशन वाले घरों की तरह स्टीकर लगाएं।
जिला अस्पताल में होगी कोविड इलाज की विशेष तैयारी
कलेक्टर ने कहा कि तीसरी लहर आने की स्थिति में जिला अस्पताल में कोविड इलाज का विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। इसकी पूरी समीक्षा की गई। इसमें सर्जिकल यूनिट में 80 बेड्स के इस्तेमाल पर भी चर्चा की गई। उन्होंने मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, आक्सीजन की उपलब्धता और कोविड ट्रीटमेंट से संबंधित विषयों पर चर्चा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि ब्लाक लेवल पर भी कोविड मैनेजमेंट की अच्छी व्यवस्था होगी। किसी भी तरह की विशेष आवश्यकता की स्थिति में संपर्क किया जा सकता है। कोविड मैनेजमेंट के लिए राशि की किसी तरह से कमी नहीं होने दी जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal