- कांग्रेस ने हमेशा पूरे किये चुनावी वादे

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के घोषणापत्र की आलोचना करने पर मध्य ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अलताफ अहमद ने छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक पर तीखा हमला किया है। अलताफ ने कहा कि चुनाव संकल्प पत्र के नाम पर भाजपा की रमन सरकार ने 15 साल तक छत्तीसगढ़ की जनता को झांसा दिया। साढ़े 7 साल से केंद्र की मोदी सरकार पूरे देश की जनता को झांसा दे रही है। धरमलाल कौशिक को कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले जनता को दिए झांसे के दस्तावेज पलट लेना चाहिए।
अलताफ ने कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार ने 36 में से 26 वादे महज तीन साल में पूरे कर दिये हैं। किसानों की कर्जमाफी, किसानों से 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जैसे फैसले तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पद की शपथ लेने के महज एक घंटे के भीतर ले लिया। बिजली बिल हाफ, एपीएल वर्ग को राशन कार्ड, पट्टा वितरण सहित शहरी और ग्रामीण इलाकों में विकास के साथ ही यहां की जनता को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए नायाब योजनाएं लागू की गई। कौशिक बताएं कि रमन सरकार ने 15 साल तक लोगों को झांसा देने के अलावा क्या किया है ?
अलताफ ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में सभी पात्र व्यक्तियों को आवासीय भूमि का पट्टा देने, सभी नगरीय निकायों में भवन अनुज्ञा की ऑनलाइन स्वीकृति देने, 1 दिसंबर 2021 तक हुए निर्माण कार्यों का नियमितीकरण, घने बसाहट वाले क्षेत्रों में बसे बाजारों का युक्तियुक्तकरण करते हुए शहर की बाहरी सीमाओं में बसाहट के लिए कार्य करने, भवन अनुज्ञा प्रक्रिया का सरलीकरण करने भूमि विकास नियम में संशोधन, जमीन की कीमतों को अफोर्डेबल करने और व्यवस्थित शहरों के विकास हेतु शहरों में एफ.ए.आर. बढ़ाने, नगरीय निकायों की संपत्ति को ‘फ्री होल्ड’ करने, प्रत्येक शहर में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट का विस्तार करने, सभी निकायों में धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना का विस्तार, सस्ती और उच्च गुणवत्ता की डायग्नोस्टिक और पैथोलॉजी सेवा हेतु सिटी डायग्नोस्टिक सेंटर प्रारंभ करने सहित 30 बिंदुओं पर घोषणा पत्र जारी किया है।
अलताफ अहमद ने आगे कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा गया है। भूपेश सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों से प्रदेश में भाजपा के हौसले पस्त हो चुके हैं। उन्हें समझ आ चुका है कि प्रदेश की जनता को भूपेश सरकार के कल्याणकारी कार्यों पर भरोसा है। पिछले विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त झेलने के बाद अब निकाय चुनाव में भी भाजपा को करारी पराजय की संभावना दिखने लगी है। इसी बौखलाहट में भाजपा नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal