
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
वरिष्ठ काँग्रेस विधायक अरुण वोरा ने निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने चुनाव में धुआंधार प्रचार शुरू कर दिया है। यूपी चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी द्वारा आहूत बैठक में शामिल होने दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद वोरा ने दुर्ग पहुंचने के बाद आज दुर्ग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भिलाई और रिसाली निगम चुनाव में पूरी सक्रियता से प्रचार शुरू कर दिया है। चुनाव प्रचार के दौरान दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल, राजनांदगांव की महापौर हेमा देशमुख, पूर्व महापौर आर एन वर्मा, पूर्व पार्षद फत्ते सिंह भाटिया, पाशी अली सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।
इससे पहले सर्किट हाउस में वरिष्ठ कांग्रेस नेता शंकर लाल ताम्रकार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, महीप भुवाल, राजकुमार साहू सहित कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बाद में वोरा ने भिलाई क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशियों अरुण सिसोदिया, संदीप निरंकारी, भुनेश्वरी रानी, कमलेश देवांगन सहित कई कैंडिडेट के वार्डों में जाकर जमकर प्रचार किया।

वोरा ने जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि निकाय क्षेत्रों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, दाई-दीदी क्लिनिक, सस्ती दवा दुकान, सिटी डायग्नोस्टिक सेंटर, महतारी दुलार योजना, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी व हिंदी माध्यम स्कूल, बिजली बिल हाफ जैसी योजनाओं से जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। एक तरफ जहां केंद्र की मोदी सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप जनता को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम कर रही है।

वोरा ने भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठा बताए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 15 साल की सत्ता के बाद 15 सीटों पर सिमट जाने से भाजपा नेताओं में बौखलाहट है। खुद जिन्होंने कभी कोई वादा पूरा नहीं किया। वे जनहितैषी कांग्रेस सरकार के उस घोषणा पत्र पर सवाल उठा रहे हैं जिसमें 36 में से 27 वादों को सरकार ने पूरा कर दिया है। भाजपा नेताओं को अपनी अनर्गल बयानबाजी करने की जगह जनहितैषी कार्यों में सरकार का सहयोग करना चाहिए। चावल खरीदी, बारदाना आपूर्ति, एथेनॉल प्लांट की अनुमति से लेकर जीएसटी की क्षतिपूर्ति तक कोई भाजपा नेता केंद्र से सवाल नहीं पूछता। जनता के सामने सब उजागर हो चुका है। निश्चित रूप से इसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई देगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal