
- गौठानों में परिणाममूलक कार्य होना चाहिए – कलेक्टर
- वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में गति बढ़ाने की जरूरत : पैरादान के लिए किसानों करें को प्रेरित
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में गोधन न्याय योजना के अंतर्गत वर्मी और सुपर कम्पोस्ट निर्माण व विक्रय की समीक्षा करते हुए कहा कि गोधन न्याय योजना में अपेक्षित परिणाम के लिए विशेष रूप से कार्य करने की जरूरत है। वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की गति बढ़ाने की जरूरत है। सभी एसडीएम, जनपद सीईओ और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी वर्मी कम्पोस्ट निर्माण पर ध्यान देते हुए कार्य करना सुनिश्चित करें। गौठानों में कार्य परिणाममूलक होना चाहिए। मल्टी एक्टिविटी सेंटर के रूप में यहां गतिविधियां संचालित करना होगा। वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के साथ ही इसके विक्रय के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण असंतोषजनक होने पर डोंगरगांव विकासखंड के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शैलेष कुमार साहू, अजय हेडऊ, तिलेन्द्र साहू, ऋषि पटेल, डीएल साहू, सतीश नेवरा, मानपुर विकासखंड के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी बीके ठाकुर, कुमारी रंजु मंडावी, छुईखदान विकासखंड के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कुमारी एकता, विमल सिंह, जे. प्रवीण, नरेश कुमार, मोहला विकासखंड के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पीके माहेश्वरी, हरीश माहला, राजनांदगांव विकासखंड के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी वैभव मण्डावी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पैरादान के लिए किसानों को प्रेरित करें। पैरादान होने से पशुओं को चारा उपलब्ध रहेगा और रोका-छेका भी सफल रहेगा। उन्होंने कलकसा गौठान में गेंदे की खेती की समीक्षा की। कलेक्टर ने काम न करने वाले अधिकारियों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान चारागाह निर्माण, आजीविका क्षेत्र, पैरादान, बाड़ी, विद्युतीकरण, वृक्षारोपण, पेयजल उपलब्धता, स्वावलंबी गौठान के संबंध में समीक्षा की गई। उन्होंने जनपदवार सभी जनपद सीईओ, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के कार्यों की समीक्षा की।
जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने कहा कि 593 गौठान में से 421 गौठान पूर्ण हो गए हैं। 222 गौठानों में चेन फेसिंग किया जा चुका है और 218 गौठानों में आजीविका क्षेत्र पृथक कर लिया गया है। बैठक में एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा, उप संचालक कृषि जीएस धुर्वे, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, सहायक संचालक कृषि टीकम ठाकुर, सभी जनपद सीईओ, मनरेगा के फैज मेनन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सभी एसडीएम वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए जुड़े रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal