- माहौल शांत करने के बाद वोरा ने सबको हंसाया … फिर गुनगुनाने लगे … मेरा भोला है भंडारी …

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
नगर निगम दुर्ग में सब कुछ उलटा-पुलटा चल रहा है। आज विधायक अरुण वोरा की मौजूदगी में कांग्रेस के दो जनप्रतिनिधियों के बीच तकरार शुरू हो गई। यह एपिसोड थमने के बाद कई कांग्रेस नेताओं ने टेंडर मिलने में भेदभाव होने और भाजपा समर्थकों को टेंडर मिलने का आरोप लगा दिया। इस मामले में भी एमआईसी मेंबर और एक अन्य एमआईसी मेंबर के समर्थक के बीच कहा सुनी हो गई।
वोरा आज दोपहर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। वोरा कक्ष में बैठने की बजाय एमआईसी भवन के बरामदे में ही बैठ गए। इसी दौरान एल्डरमैन कृष्णा देवांगन ने विद्युत एवं यांत्रिकी प्रभारी पार्षद भोला महोबिया पर टिप्पणी कर दी। देवांगन ने कह दिया कि रोज वाट्सअप पर क्या पोस्ट कर रहे हो। भोला महोबिया ने कहा कि शहर में जो हो रहा है, वही पोस्ट कर रहा हूं। नगर निगम में अफसर राज चल रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद निगम अफसर समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। दरअसल, भोला महोबिया के वार्ड में स्थित एक लाज का गंदा पानी फैलने और निगम कांप्लेक्स की छत पर गंदगी की शिकायत का समाधान न होने से नाराज थे। इसी संबंध में अखबार में छपी खबर की कटिंग वाट्सअप में पोस्ट करने पर एल्डरमेन ने टिप्पणी कर दी थी। भोला ने यहां तक कहा कि कुछ दिन इंतजार करो … सामान्य सभा में अफसरों की कारगुजारी को एक्सपोज किया जाएगा। नगर निगम में अफसरों की अंधेरगर्दी नहीं चलने देंगे। भोला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जो लोग वार्ड का चुनाव नहीं जीत सकते और मनोनीत होकर एल्डरमैन बने हैं … वो ही निर्वाचित पार्षदों पर हावी होने की कोशिश कर रहे हैं।
दोनों के बीच तीखी तकरार बढ़ने पर विधायक ने दोनों को शांत कराया। मिठाई मंगाकर पार्षदों समेत मौजूद लोगों को हल्के फुलके माहौल में मिठाई खिलाई। इसके बाद भोला महोबिया को देखते हुए वोरा गुनगनाने लगे … मेरा भोला है भंडारी … विधायक वोरा के गुनगुनाने पर मौजूद लोग खिलखिलाकर हंस पड़े।
बता दें कि महापौर धीरज बाकलीवाल कल शाम से तीन दिनों के लिए शहर से बाहर गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में विवाद शुरू हो गया … हालांकि निगम सूत्रों का कहना है कि इस तरह के विवादों से महापौर रोज जूझते हैं। विवाद का समाधान भी नहीं कर पा रहे हैं।
(विवाद जारी … अगली खबर में ….)
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal