मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 1 मार्च 2019 से लागू की गई हाफ बिजली बिल योजना में बिजली उपभोक्ताओं को 400 यूनिट तक की बिजली की खपत पर 50 प्रतिशत की छूट मिल रही है। योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी है कि बिजली उपभोक्ताओं का कोई भी बिल लंबित ना हो और उन्होंने पुराने बिजली बिल चुका दिए हों। हाफ बिजली बिल योजना से प्रदेश के 40 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को उनके बिजली बिल में 2145 करोड़ रुपए की बड़ी छूट मिली है।
राज्य सरकार द्वारा हाफ बिजली बिल योजना के अलावा एकल बत्ती कनेक्शन योजना में गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को हर माह 30 यूनिट बिजली निःशुल्क दी जा रही है। लगभग 18 लाख बिजली उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 2 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता बढ़े हैं।
घरेलू बिजली उपभोक्ताओं ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है। महासमुंद के अनिल चौधरी ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा है कि पहले बिजली बिल 1000 से 1200 रुपए आता था, वह सिमट कर 500 से 700 रुपए रह गया है। चमन चंद्राकर ने बताया कि बिजली बिल हाफ योजना से उन्हें आर्थिक रूप से राहत मिली है। रायपुर की सीनू ने  योजना के लिए सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि मिली छूट से राहत मिली है। रायपुर के राकेश साहू भी राज्य सरकार को धन्यवाद देते हैं।