जिला नाजिर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय बलौदाबाजार ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 फरवरी 2022 को सफाई कार्य के दौरान जिला कक्ष क्र. 65 का ताला टूटा हुआ था। कक्ष के अंदर विभिन्न दाण्डिक प्रकरणों में जब्तशुदा शस्त्र और सामान रखे जाते हैं। सामान का मिलान करने पर रिवाल्वर, देसी कट्टा और कुछ कारतूस चोरी होने का पता चला। जांच के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय में ही कार्य करने वाले भृत्य रोशन ध्रुव 28 साल निवासी गितकेरा, थाना पलारी, भृत्य भू-अभिलेख शाखा जिला कार्यालय बलौदाबाजार और उमेश ध्रुव 22 वर्ष निवासी ग्राम पीपरछेड़ी थाना कसडोल हाल मुकाम इंदिरा कॉलोनी वार्ड नंबर 1 बलोदाबाजार, भृत्य राजस्व विभाग आवक जावक शाखा जिला कार्यालय बलौदाबाजार के चोरी में शामिल होने का पता चला।
दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ पर इन दोनों आरोपियों द्वारा अपने एक अन्य साथी प्रेमलाल ध्रुव उर्फ बल्लू 27 वर्ष निवासी ग्राम गितकेरा थाना पलारी के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष से सीलबंद कारतूस, रिवाल्वर, कट्टा चोरी करना स्वीकार किया है। उन्होंने यह चोरी लगभग 3 माह पूर्व की थी।
कलेक्टर डोमन सिंह ने आज रिवाल्वर एवं असला चोरी के मामले सँयुक्त जिला कार्यालय में पदस्थ दोनों आरोपी भृत्य रोशन कुमार ध्रुव और उमेश कुमार ध्रुव को आज निलंबित कर दिया है। दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तारी के बाद 48 घंटे से अधिक कालावधि के लिए न्यायिक अभिरक्षा में निरूद्ध रहने के फलस्वरूप निलंबित किया गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
द सीजी न्यूज डॉट कॉम