- कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण केन्द्र पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने आज खैरागढ़ चुनाव के लिए मतदान दलों को दिये जा रहे प्रशिक्षण का जायजा लिया। महंत सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम हायर सेकेण्डरी स्कूल राजनांदगांव में मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन कार्य बहुत संवेदनशील और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को गंभीरता से लेते हुए बताई गई सभी बारीकियों को बेहतर तरीके से समझने की नसीहत दी।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी सभी बारीकियों की जानकारी दी गई। मतदान दलों को आवश्यक सावधानी और सतर्कता बरतने के संबंध में विस्तार से बताया गया। मतदान दलों को ईवीएम मशीन का संचालन, बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण सत्र में मतदान दलों द्वारा पूछी गए समस्याओं और जिज्ञासा से संबंधित प्रश्नों का मास्टर ट्रेनर्स द्वारा समाधान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी व मतदान दल क्रमांक 1 उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 कक्षों में प्रोजेक्टर के माध्यम से विषयवार दिया गया। इनमें 375 पीठासीन अधिकारी और मतदान दल को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण केन्द्र पर मेडिकल टीम ने कोविड टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच भी की। निर्वाचन कार्य में नियुक्त 89 अधिकारियों को डाकमत पत्र जारी किया गया है। वे मतगणना के पहले तक डाकमत पत्र के माध्यम से अपना मतदान कर सकेंगे। इस दौरान मॉकपोल के संबंध में भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
ईवीएम कमिशनिंग के संबंध में प्रशिक्षण
पद्मश्री गोंविद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आज ईवीएम की कमिशनिंग के लिए नियुक्त अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। उनके द्वारा 1 या 2 अप्रैल को कमिशनिंग का कार्य किया जाएगा। नियुक्त अधिकारियों को कमिश्निंग से संबंधित सभी आवश्यक बिन्दुओं के साथ सावधानी बरतने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
