- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों को निर्वाचन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए दी शुभकामनाएं
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / खैरागढ़ उपचुनाव के तहत कल 12 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान कराने के लिए आज दोपहर से मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों की ओर रवाना हो गए। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम में सामग्री वितरण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने मतदान दलों को निर्वाचन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर ने कहा कि सभी मतदान दलों को मतदान के सुचारू संचालन के लिए प्रशिक्षण दिया गया है। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खैरागढ़ विधानसभा में कुल 291 मतदान केन्द्र हैं। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 283 मतदान केन्द्र और 8 सहायक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 53 अतिसंवेदनशील, 11 संवेदनशील, 86 राजनैतिक संवेदनशील और 5 सहायक मतदान केन्द्र और 133 सामान्य मतदान केन्द्र व 3 सहायक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
कुल मतदाता 2 लाख 11 हजार 516 हैं, जिसमें पुरूष मतदाता 1 लाख 6 हजार 266 और महिला मतदाता 1 लाख 5 हजार 250 हैं। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों में पानी, छांव की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। गर्मी को देखते हुए न केवल मतदान दलों के लिए बल्कि मतदाताओं के लिए चिकित्सीय सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्र क्रमांक 151 ए छुईखदान और 230 ए खैरागढ़ को संगवारी मतदान केन्द्र बनाया गया है, जहां मतदान दलों में संपूर्ण रूप से महिला अधिकारियों को महिला मतदाताओं से मतदान कराने के लिए ड्यूटी लगाई गई है। 3 आदर्श मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां संपूर्ण आवश्यक व्यवस्था की गई है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर सीएल मार्कण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा, एसडीएम अरूण वर्मा, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। खैरागढ़ उपचुनाव के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। केन्द्रीय पुलिस बल की 22 कंपनी तैनात की गई है। ईवीएम मशीन के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे केन्द्रीय पुलिस बल की एक कंपनी तैनात की गई है। 6 सीसीटीवी कैमरा स्ट्रांग रूम के चारों ओर निगरानी के लिए लगाए गए हैं।
मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र बार्डर के चेकपोस्ट में लगातार निगरानी की जा रही है। ताकि, निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के उपयोग पर नियंत्रण बना रहे। जिले के सीमावर्ती चेकपोस्ट में 24 X 7 स्थैतिक निगरानी दल द्वारा मुस्तैदी से कार्य किया जा रहा है। खैरागढ़ क्षेत्र में होने वाले सभी राजनैतिक दल के आयोजनों पर वीडियो अनुवीक्षण दल के माध्यम से नजर रखी जा रही है। शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए उडऩदस्ता दल क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। सभी स्थैतिक निगरानी दल, उडऩदस्ता दल, वीडियो निगरानी दल और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट को 24 X 7 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश कलेक्टर ने दिये हैं। कलेक्टर ने दल के सदस्यों को उनकी कार्यावधि के दौरान निर्वाचन संबंधी सभी गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

