- स्पोर्ट्स एंड कल्चर एसोसिएशन के प्रकरण का निराकरण फौरन करें : कलेक्टर
- कलेक्टर जनदर्शन में एसोसिएशन ने की शिकायत
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / जिला मुख्यालय से लगे हुए खम्हरिया के खेल मैदान में अवैध अतिक्रमण की शिकायत लेकर स्पोर्ट्स एंड कल्चर एसोसिएशन ने जनदर्शन में शिकायत की है। एसोसिएशन के सदस्यों ने कलेक्टर को बताया कि 2016 में अंतर्राष्ट्रीय मानक स्तर पर स्टेडियम के लिए लगभग 24 एकड़ जमीन ग्राम पंचायत स्तर पर प्रस्ताव व पंचनामा तैयार कराते हुए जिला प्रशासन द्वारा राज्य शासन को भेजा जा चुका है। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मैदान की जमीन पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण आदि का कार्य किया जा रहा है।
मैदान में व्यक्तिगत रूप से ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य उपकरण भी रखे जा रहे हैं। मैदान के लगभग 2 एकड़ जमीन को फेंसिंग कर लोहे का गेट लगाकर अतिक्रमित किया जा चुका है। इससे खेल संबंधित विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसका प्रभाव यहां ट्रेनिंग करने वाले खिलाड़ियों पर भी पड़ रहा है। यहां असमाजिक तत्वों का जमावड़ा हमेशा बना रहता है। इसके कारण महिला खिलाड़ियों को परेशानी हो रही है। एसोसिएशन ने कलेक्टर से अपील की कि प्रस्तावित जमीन सुरक्षित होने पर आने वाले समय में मैदान में एथलेटिक ट्रैक, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, क्रिकेट और कबड्डी इत्यादि खेलों के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए जा सकते हैं।
इससे राष्ट्रीय स्तर का खेल मैदान शहर के समीप ही उपलब्ध हो सकता है। कलेक्टर ने मामले का संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी को स्थिति का जायजा लेकर विधिपूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। इसके अलावा उरला व्यपवर्तन की नहर नाली में संरचना निर्माण को लेकर भी आवेदन किया गया। आवेदक ने बताया कि निगम का पानी भी उसी नहर में प्रवाहित होता है और इसके पानी से सिंचाई कार्य भी किया जाता है। आवेदक ने कलेक्टर से जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने के लिए निवेदन किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।
जनदर्शन में स्कूलों में एडमिशन और फीस माफी को लेकर भी कई आवेदन दिये गए। कलेक्टर ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी से विशेष चर्चा करते हुए उन्हें स्कूलों की मॉनिटरिंग और एडमिशन व फीस संबंधी मामलों पर शासन की गाइडलाइन का पालन करने की पारदर्शी व्यवस्था करने के निर्देश दिये। ताकि, सभी वर्गों को समान अवसर प्राप्त हो सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
