- वोरा ने लेटलतीफी पर सेतु निगम के अफसरों पर सख्त नाराजगी जताई
- नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखें अधिकारी, कछुआचाल से काम मंजूर नहीं
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने पीडब्लूडी (सेतु विभाग) अफसरों से रायपुर नाका और धमधा नाका अंडरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा करने कहा है। वोरा ने कहा कि दोनों अंडरब्रिज का निर्माण बेहद धीमी गति से हो रहा है। निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करना जरूरी है। नाराजगी जताते हुए वोरा ने अफसरों से सवाल किया कि अंडरब्रिज का निर्माण आखिर कब तक पूरा किया जाएगा?
वोरा ने कहा कि अंडरब्रिज का निर्माण पूरा न होने से शहरवासियों को पटरीपार क्षेत्र से आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटरीपार से बड़ी तादाद में स्कूली बच्चे रेलवे ट्रैक पार कर स्कूल पढ़ने आते हैं। स्कूली बच्चों के अलावा कॉलेज स्टूडेंट्स, महिलाएं, बुजुर्ग समेत हजारों नागरिकों को पटरी पार कर आवाजाही करना पड़ रहा है।
अंडरब्रिज का निर्माण धीमी गति से होने के कारण हर दिन रेल पटरियों को पार कर आवाजाही की मजबूरी से नागरिकों के साथ हादसा होने का खतरा है। बच्चों व नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंडरब्रिज का निर्माण तत्काल पूरा करना अत्यावश्यक है। वोरा ने सेतु निगम के अफसरों से कहा है कि दोनों अंडरब्रिज का निर्माण अतिशीघ्र पूरा करें। ताकि, नागरिकों को पटरीपार से मुख्य शहर में आवागमन की सुविधा मिल सके।
अंडरब्रिज के बाजू कांक्रीट सड़क बनाए नगर निगम : वोरा
वोरा ने नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी को रायपुर नाका अंडरब्रिज के बगल में राजू टेलर्स से होते हुए एमआईचौक तक करीब 25 से 30 फीट चौड़े स्थान पर कांक्रीट सड़क का निर्माण करने कहा है। वोरा ने कहा कि यह स्थान खाली है और आवागमन के लिए सड़क का निर्माण करने से लोगों को काफी सुविधा होगी। वोरा ने कहा कि यह कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
