- एल्डरमैन के घर पहुंचे सीएम पूछा हालचाल
- स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया
द सीजी न्यूज
भेंट-मुलाकात अभियान के पहले दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बलरामपुर जिले के दौरे पर थे। इस दौरान वे कुसमी नगर पंचायत पहुंचे। यहां शशिकला बरगाह ने मुख्यमंत्री के सामने शिकायत रखी कि उसका नाम गरीबी रेखा सूची से काट दिया गया है, और उनके पास राशन कार्ड नहीं है। शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री ने बलरामपुर के कलेक्टर से बात की और जनसमस्या निवारण में लापरवाही बरतने पर नगर पंचायत सीएमओ को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शशिकला बरगाह को तत्काल राशन कार्ड जारी कर दिया गया। राशन कार्ड मिलने पर हितग्राही परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हितग्राही परिवार को प्राथमिकता श्रेणी का राशन कार्ड जारी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर जनता को परेशान होना पड़ेगा, तो कार्रवाई निश्चित है।
एल्डरमैन के घर जाकर सीएम ने पूछा हालचाल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भेंट-मुलाकात अभियान के दौरान नगर पंचायत कुसमी के वयोवृद्ध एल्डरमैन बहादुर राम से उनके निवास में जाकर मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर बहादुर राम के परिवारजनों ने परंपरागत रूप से सरगुजिया पगड़ी पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बहादुर राम से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उनके घर के सदस्यों से भी मिले। मुख्यमंत्री ने घर में बनाए गए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का आनंद भी लिया। इस मौके पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया और संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज सहित अन्य जनप्रतिनिधि व नागरिकगण उपस्थित थे।
शंकरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सामरी विधानसभा के शंकरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पोषण पुनर्वास केंद्र एनआरसी का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएमओ से प्रतिदिन की ओपीडी, मरीजों के जांच के लिये मशीन की जानकारी ली। बाहर की दवाइयां न लिखने के लिए निर्देश दिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

