द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भेंट-मुलाकात अभियान के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुदरगढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री जब चौपाल में आम जनता की समस्याएं सुन रहे थे, तभी गड़ईपारा निवासी हरीलाल ने समस्या बताते हुए कहा कि गड़ईपारा के 25 परिवारों को राशन दुकान से राशन लेने के लिए 16 कि.मी. पहाड़ चढ़कर कुदरगढ़ आना पड़ता है। इसमें करीब ढ़ाई घंटे का समय लगता है। कभी-कभी खराब रास्ते से आना पड़ता है, जिसकी दूरी 35 किलोमीटर की है, रास्ते में नदी नाले और पथरीले रास्तों से जूझना पड़ता है।


उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि गांव के नजदीक ग्राम पंचायत घुड़ई से गांव के लोगों के नाम जोड़ने पर आसानी से राशन मिल सकेगा। ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों की समस्या सुनकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तत्काल गांव के नजदीक की राशन दुकान में उन सभी हितग्राहियों के नाम जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, संसदीय सचिव पारस नाथ राजवाड़े और अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू भी उपस्थित थे।