• रघुनाथपुर बनेगा उप तहसील, सहनपुर में खुलेगा उप स्वास्थ्य केंद्र
  • स्कूली बच्चों की इच्छा पूरी करने सीएम ने जंगल सफारी घूमने की व्यवस्था करने कलेक्टर को दिये निर्देश
  • मुख्यमंत्री निवास में बच्चों के साथ सीएम चाय नाश्ता भी करेंगे

द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भेंट-मुलाकात के दौरान सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के सहनपुर में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने सहनपुर में उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने, सहनपुर मिडिल स्कूल का हाई स्कूल में उन्नयन, सहनपुर साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित कर शेड व चबूतरा निर्माण करने, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लुंड्रा में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से स्कूली बच्चों ने कहा हम सरगुजा से बाहर नहीं गए हैं। नवा रायपुर में जंगल सफारी घूमने जाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि – आपकी इच्छा जरूर पूरी करेंगे। इसके बाद सीएम ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि बच्चों को जंगल सफारी, नया रायपुर मंत्रालय घुमाएं। इन बच्चों को मुख्यमंत्री निवास भी दिखाया जाएगा। यहां बच्चों के साथ मुख्यमंत्री चाय-नाश्ता भी करेंगे।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम धौरपुर में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना करने, धौरपुर में एसबीआई की शाखा खोलने की प्रक्रिया शुरू करने, धौरपुर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय की स्थापना करने, ग्राम पंचायत कुन्नी और ग्राम पंचायत रघुनाथपुर में उप तहसील की स्थापना करने के साथ ही ग्राम गगोली के पास मछली नदी पर पुल निर्माण करने की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदारी और लमगांव में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की स्वीकृति देने के साथ ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करौली, रघुनाथपुर, बरगीडीह के लिए स्वयं के भवनों के निर्माण की स्वीकृति भी दी। भेंट मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किसानों को उनके उत्पादन का वाजिब रेट मिले, इसलिए छत्तीसगढ़ में राजीव गांधी किसान योजना के तहत 9 हजार और 10 हजार रुपये प्रति एकड़ इनपुट सब्सिडी दे रहें हैं।

कोदो-कुटकी, रागी और लघु वनोपज भी समर्थन मूल्य में खरीदा जा रहा है। सब्जी उत्पादक किसानों को नुकसान न हो और सब्जियों के  रेट-अप डाउन होने के कारण कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था के लिए छत्तीसगढ़ सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।