Breaking News

स्वतंत्रता सेनानियों के गांव से प्रदेश में आएगी जल क्रांति : निकोलस ऑब्स्बेर्ट

  • पाटन ब्लॉक के देवादा में जल सभा में शामिल हुए यूनिसेफ इंडिया के वाश प्रमुख निकोलस ऑब्स्बेर्ट

द सीजी न्यूज 

जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन द्वारा देवादा में जल सभा का आयोजन किया गया। जल सभा के आयोजन में यूनिसेफ वाश के भारत प्रमुख निकोलस ऑब्स्बर्ट शामिल हुए। देवादा आगमन पर ग्रामीणों ने निकोलस का जमकर स्वागत किया। गांव की सरपंच उर्वशी वर्मा समेत जलबहिनियों के समूह ने गांव में जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों से अवगत कराया। जल संरक्षण व शुद्व पेयजल की उपयोगिता व आपूर्ति के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों के उत्साह को देखकर निकोलस अभिभूत हो गए।

कांकेर से आई जलबहिनियों ने देवादा के ग्रामीणों के साथ मिलकर जल जीवन मिशन के तहत प्राप्त जल परीक्षण किट द्वारा जल की गुणवत्ता जांच कर अशुद्ध पेयजल के नुकसान की जानकारी दी। निकोलस ऑब्सबर्ट ने देवादा के ग्रामीणों व जलबहिनियों से मिलकर कहा, फ्रीडम फाइटर की भूमि में आना मेरा सौभाग्य है जिस तरह से यहाँ के पूर्वजों ने स्वतंत्रता की क्रंति से देश को आजाद कराने में अपनी भूमिका निभाई थी मुझे विश्वास है कि यहाँ के ग्रामीण भी उसी तरह जलक्रांति लाकर शुद्ध पेयजल का महत्व हर घर पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

निकोलस ऑब्स्बेर्ट ने ग्रामीण महिलाओं के समूह को जलबहिनी के सम्मान से नवाजा। ग्रामवासियों की ओर से सरपंच उर्वशी वर्मा ने यूनिसेफ की पूरी टीम को जलदूत की उपाधि प्रदान की। ग्रामीणों ने निकोलस ऑब्स्बेर्ट से उनके देश फ्रांस के शहरों में पेयजल व्यवस्था के बारे में पूछा। वहां किस तरह जल का उपयोग किया जाता है और जल संरक्षण को लेकर उनके देश के लोग कितने जागरूक है? जैसे सवाल किये गए।

निकोलस ने कहा कि वे फ्रांस की राजधानी पेरिस के ओल्ड सिटी के निवासी है। वो सेन नदी से फिल्टर होकर आने वाला शुद्ध पानी पीते है और उनके देश में लोग जल संरक्षण को लेकर बहुत जागरूक हैं। वजह ये है कि इसका जलस्तर लगातार कम हो रहा है। इसी वजह से लगातार जल बचाने के लिए पूरी दुनिया में कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

निकोलस ने स्कूल भवन और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उद्यान का भी भ्रमण किया। आयोजन में यूनिसेफ के छत्तीसगढ़ प्रमुख जॉब जकारिया, यूनिसेफ की प्रोग्राम स्पेशलिस्ट श्वेता पटनायक, जल जीवन मिशन के छत्तीसगढ़ के नोडल अधिकारी कैलाश मढ़रिया, जनपद उपाध्यक्ष देवेंद्र चंद्रवंशी, जल जीवन मिशन के स्टेट व जिला समन्वयक के साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अभियंता व उप अभियंता मौजूद रहे।

Check Also

आस्था वृद्धाश्रम में नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय-भोजनालय का सांसद विजय बघेल ने किया लोकार्पण

THE CG NEWS कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल एवं विशिष्ट अतिथि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!