• दूसरे चरण की शुरूआत कोंटा विधानसभा से होगी
  • मुख्यमंत्री 2 जून तक बस्तर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता से करेंगे भेंट-मुलाकात

द सीजी न्यूज 

प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भेंट-मुलाकात अभियान के दूसरे चरण के तहत आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बस्तर संभाग के दौरे पर रवाना हो गए। अभियान की शुरूआत आज कोंटा विधानसभा से होगी।  मुख्यमंत्री कोंटा और छिंदगढ़ में आम जनता से सीधे मुलाकात कर शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे। इसके बाद वे सुकमा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सुकमा में पुलिस लाइन स्थित आफिसर्स मेस का लोकार्पण, शहीद पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण और सी-मार्ट का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री शाम को विभिन्न प्रतिनिधिमंडल से भेंट-मुलाकात करने के बाद राजीव भवन का अवलोकन और जनप्रतिनिधियों से भेंट-मुलाकात करेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में भेंट-मुलाकात अभियान की शुरूआत इस महीने की 4 तारीख से की है। भेंट-मुलाकात अभियान के पहले चरण में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 4 से 11 मई तक सरगुजा अंचल के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने तीन जिलों के विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच पहुंचकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता को मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संपर्क-संवाद-समाधान के ध्येय के साथ आम जनता से सीधी बात की और उनकी समस्याओं को जानने के बाद उनका त्वरित निराकरण भी किया। जनता की मांग पर मुख्यमंत्री ने विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगातें भी दीं।