द सीजी न्यूज
प्रधानमंत्री सम्मान निधि के तहत मिलने वाली राशि की तुलना में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के किसानों को हर साल राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिये 5 से 6 गुना ज्यादा मदद दे रही है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के किसानों को जारी की गई पहली किश्त की राशि ही छत्तीसगढ़ के किसानों को साल भर में मिलने वाली प्रधानमंत्री सम्मान निधि से 2100 रुपए से ज्यादा है।
छत्तीसगढ़ सरकार की राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राज्य के 22 लाख 57 हजार 882 किसानों को आज 1720 करोड़ 11 लाख रुपए की आदान सहायता राशि जारी की गई, जो औसत रूप से प्रति किसान 7518 रुपए हैं। दूसरी ओर प्रधानमंत्री सम्मान निधि के तहत राज्य के किसानों को इस साल औसत रूप से मात्र 5403 रुपए ही प्राप्त होंगे। इस प्रकार राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत मिली प्रथम किश्त की राशि ही प्रधानमंत्री सम्मान निधि के तहत सालभर में मिलने वाली औसत राशि से 2115 रुपए ज्यादा है।
राजीव गांधी किसान न्याय योजना में इस साल किसानों को लगभग 6900 करोड़ रुपए का भुगतान आदान सहायता के रूप में किया जाएगा। अगर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि से तुलना करें तो छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रति किसान औसतन 5 से 6 गुना अधिक राशि दी जा रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत प्रति किसान औसत रूप से 30,526 रुपए की आदान सहायता दी गई, जबकि प्रधानमंत्री सम्मान निधि के रूप में राज्य के किसानों को औसत रूप से 4882 रुपए ही मिले। केंद्र की तुलना में यह लगभग 6 गुना ज्यादा है। खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 के 18 लाख 43 हजार 370 किसानों को 5627 करोड़ रुपए की आदान सहायता दी गई थी। खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में राज्य के 20 लाख 59 हजार 68 किसानों को 5553 करोड़ रुपए की आदान सहायता दी गई, जो औसत रूप से प्रति किसान 26,969 रुपए है, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राज्य में प्रति किसान औसत रूप से प्राप्त 5337 रुपए की राशि से लगभग 5 गुना अधिक है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

