- बरसात से पहले हो सीवरेज व 700 से ज्यादा बैकलेन की सफाई – कलेक्टर
द सीजी न्यूज
दुर्ग / भिलाई के सेक्टर- 1, 2, 4, 6, 7 व 8 से पानी की गुणवत्ता को लेकर कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के पास शिकायतें आई हैं। टाउनशिप में गंदे पानी की सप्लाई और नल से मटमैले और दूषित पानी से आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर कोई दुष्प्रभाव ना पड़ने देने कलेक्टर ने आज भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारियों और नगर निगम आयुक्तों के साथ आपातकालीन बैठक ली।
कलेक्टर ने बीएसपी अधिकारियों के साथ जल आपूर्ति के प्रभावी नियंत्रण के लिए चर्चा की। घरों के नल से दूषित पानी की सप्लाई का कारण पूछा। बीएसपी अधिकारियों ने अपना पक्ष रखा, लेकिन कलेक्टर इससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कड़े शब्दों में नागरिकों की बुनियादी हित को ध्यान में रखकर कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पाइपलाइन के रिसाव संबंधी जांच और नेटवर्क को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्य करने कहा। स्वच्छ पानी की सप्लाई दुरुस्त रखने के लिए मेनपावर को दो से तीन गुना करने का सुझाव दिया। बीएसपी टाउनशिप में 700 से भी ज्यादा बैकलेन की सफाई और सीवरेज लाइन प्रबंधन के विषय पर भी उपस्थित अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैकलेन की सफाई के लिए बीएसपी योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें ताकि हमें बेहतर परिणाम मिले। उपस्थित अधिकारियों को बरसात से पहले इन सभी कार्यों को पूर्ण करने कहा, ताकि नगरवासियों को किसी दिक्कत का सामना करना न पड़े। इस अवसर पर भिलाई नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, रिसाली नगर निगम आयुक्त आशीष कुमार देवांगन और भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारीगण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

