- शिविर में केवल समस्याओं से संबंधित आवेदन लेने और कागज पर शिकायत लिखने से काम नहीं चलेगा : शिविर में समस्याओं का निराकरण भी करें अधिकारी : वोरा
द सीजी न्यूज
दुर्ग / मोहन बाल मंदिर गंजपारा में आयोजित नगर निगम के जनसमस्या समाधान शिविर में दोपहर 12 बजे तक निगम अफसरों के न आने पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने नाराजगी जताई है। वोरा ने कहा कि तीन वार्डों के नागरिक और पार्षद शिविर में अपनी समस्या बताने आए हैं। लेकिन, नगर निगम के जिम्मेदार अफसर यहां मौजूद नहीं हैं। ऐसे में शिविर का क्या औचित्य ?
दोपहर साढ़े 12 बजे तक नगर निगम के शिविर में अधिकारियों में केवल भवन अधिकारी थवानी ही मौजूद थे। निगम कमिश्नर हरेश मंडावी सहित, ईई राजेश पांडेय सहित अन्य अधिकारी शिविर से गायब रहे। इस पर वोरा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शिविर में केवल आवेदन लेने और रजिस्टर पर समस्या लिखने से काम नहीं चलेगा। शिविर स्थल पर निगम के वरिष्ठ अफसरों और इंजीनियरों को लोगों की समस्या सुनना चाहिए और समस्याओं को सुलझाना चाहिए।
शिविर में अफसरों के न आने पर स्थानीय वार्ड पार्षदों ने भी नाराजगी जताई। वार्ड पार्षद श्रद्धा सोनी ने कहा कि उनके वार्ड में सार्वजनिक नाली तोड़ दी गई है। निगम के आयुक्त और इंजीनियरों से इसकी शिकायत की गई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज शिविर में निगम के ज्यादातर अफसर आए ही नहीं शिविर में अफसर नहीं आएंगे तो समाधान कैसे होगा। शिविर में एमआईसी मेंबर भोला महोबिया, ऋषभ जैन, एल्डरमैन अजय गुप्ता भी मौजूद थे।
वोरा ने निगम अफसरों से कहा है कि शिविर केवल खानापूर्ति बनकर न रह जाए। शिविर में नगर निगम के हर सेक्शन के अधिकारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहें। सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट, राजस्व विभाग, बाजार विभाग सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी लोगों की समस्याओं का समाधान ज्यादा से ज्यादा संख्या में शिविर स्थल पर ही करें।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

