- बिजली आपूर्ति बाधित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत
द सीजी न्यूज
दुर्ग / अज्ञात व्यक्ति द्वारा चरोदा के विभिन्न क्षेत्रों के चार ट्रांसफार्मरों को बिना सूचना बंद किया जा रहा है। कई तरह से बिजली के उपकरणों में छेड़छाड़ की जा रही है, जिसके कारण बिजली सप्लाई बार-बार प्रभावित हो रही है। पिछले दिनों जीई रोड, एसबीआई चरोदा, आदर्श नगर, बोस ट्रांसफार्मर, पुराना आईटीआई एरिया में ट्रांसफार्मर को बिना किसी सूचना के अनाधिकृत तरीके से बंद कर दिया गया था। एसबीआई चरोदा के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से पता चला है कि यही व्यक्ति बिजली उपकरणों से छेड़छाड कर रहा है। सीएसपीडीसीएल भिलाई-चरोदा जोन के सहायक यंत्री ने अपने उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना देते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत 33/11 के.व्ही. चरोदा उपकेंद्र से निकलने वाली 11000 वोल्ट के फीडरों के द्वारा चरोदा जीई रोड, पंचशील नगर, आदर्श नगर, नवीन नगर, इंदिरा नगर, समता कॉलोनी, दादर, पथर्रा और जंजगिरी में विद्युत आपूर्ति की जाती है। पिछले दो-तीन दिनों से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चालू लाइन को बंद किया जा रहा है, जिनके कारण विद्युत अवरोध की शिकायत में बढ़ोतरी हो रही है। इससे विद्युत दुर्घटना होने की आशंका भी रहती है। जनता का आक्रोश भी लगातार बढ़ रहा है।
भिलाई-चरोदा जोन के सहायक यंत्री ने बताया कि अवैध रूप से कटआउट निकालकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिजली बंद किया जा रहा है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा आर एम यू का ढककन खोल दिया जाता है जिससे 11 के.व्ही. लाइन बंद हो जाती है। 11 के.व्ही लाइन में लगे एबी स्विच को भी काटा गया है। इसका पता लगते ही विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्यवाही की और पुलिस में शिकायत दर्ज की।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग ने बताए गए ट्रांसफार्मरों के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैैं, जिसमें अवैध व्यक्तियों द्वारा ट्रांसफार्मर के नीचे लगे बॉक्स का कटआउट निकालते हुए दिखाई पड़ा है। पुलिस विभाग द्वारा इस व्यक्ति की पतासाजी की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
मुख्य अभियंता एम जामुलकर ने कहा कि नियमानुसार विद्युत मंडल के अधिकृत कर्मचारी ही ये कार्य कर सकते हैं, ताकि जन-धन की सुरक्षा बनी रहे। अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा खंभे में चढ़ने, कटआउट को निकालने या एबी स्विच को काटने से अप्रिय विद्युत दुर्घटना घट सकती है। यह न केवल विद्युत अधिनियम के तहत अपराध है बल्कि जीवन खतरे में डालने वाला कार्य है। उन्होंने आम लोगों से यह कार्य न करने की अपील की है। जामुलकर ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सजग रहकर मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal