अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से 3 महिलाओं समेत 10 लोगों की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को शाम 5 बजकर 30 मिनट पर हुई। जिस समय बादल फटा, उस समय गुफा के पास 10 से 15 हजार श्रद्धालु मौजूद थे। जानकारी के अनुसार लगभग 25 टेंट बह गए हैं। 35 से 40 श्रद्धालुओं के फंसे होने की खबर है।
गृह मंत्री ने रेस्क्यू मिशन की जानकारी ली
हादसे के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से जानकारी ली। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘बाबा अमरनाथ की गुफा के पास बादल फटने से आई बाढ़ के संबंध में LG मनोज सिन्हा से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। लोगों की जान बचाना हमारी प्राथमिकता है। वे सभी श्रद्धालुओं की कुशलता की कामना करते हैं।’
पवित्र गुफा के एक से दो किलोमीटर के दायरे में बादल फटने की घटना के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। पहाड़ों से तेज बहाव के साथ आए पानी के कारण श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए करीब 25 टेंट बह गए। बारिश से पूरे इलाके में तेजी से पानी भर रहा है और कई लोग इसकी चपेट में आकर लापता हो गए हैं। बचाव दलों का कहना है कि कई लोग तेज बहाव में बह गए।
सेना समेत कई एजेंसियां रेस्क्यू में जुटीं
घटना के तुरंत बाद सेना, ITBP, CRPF, BSF, NDRF और SDRF के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। NDRF के अफसरों ने बताया कि लोगों को सुरक्षित निकालकर कैंपों तक पहुंचाया जा रहा है। घायलों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल ले जाया गया है।

THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
