- सोशल जस्टिस डिपार्टमेंट का आयोजन : 1 और 2 सितंबर को होंगे हितग्राहियों का पंजीयन
द सीजी न्यूज
दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आगामी 17 सितंबर को दुर्ग शहर में दिव्यांगजनों के लिए विशाल शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के महंगे उपकरण नि:शुल्क बांटे जाएंगे। राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय की मांग पर भारत सरकार के सोशल जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा देश के 75 जिलों में दुर्ग जिले का चयन भी किया गया है।
राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के लिए 1 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विवेकानंद भवन, जेल रोड दुर्ग में हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके अलावा 2 सितंबर को वैशालीनगर भिलाई में भी पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया है। पंजीयन शिविर में पंजीकृत दिव्यांगजनों के अलावा अन्य दिव्यांगजन भी शिविर में आकर अपना पंजीयन करवा सकते हैं। दिव्यांगजनों की आवश्यकता के अनुसार उपकरणों की सूची तय की जाएगी।
दुर्ग जिले में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित शिविरों में यह सबसे बड़ा शिविर होगा। शिविर में करीब 3 करोड रुपए के उपकरण वितरित किए जाएंगे। इनमें व्हीलचेयर, छड़ी, कैलिपीयर्स, श्रवण यंत्र, वाकर, सॉफ्ट स्लीपर, सेल फोन, स्मार्टफोन, दांतो का सेट, बच्चों के लिए स्मार्ट कैथ, टेबलेट के अलावा अन्य आधुनिक व महंगे उपकरण शामिल हैं। शिविर सीनियर सिटीजन व बच्चों के लिए काफी लाभदायक होगा।
सरोज ने बताया कि दुर्ग जिले में 12 सौ से अधिक दिव्यांगजन है। महंगे उपकरण के अभाव में दिव्यांगजनों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। दिव्यांगजनों की पीड़ा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सोशल जस्टिस डिपार्टमेंट भारत सरकार को शिविर आयोजन के लिए पत्र लिखा था। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजन के लिए देश के 75 जिलों का चयन किया गया है। इसमें छत्तीसगढ़ के दुर्ग व कोरबा जिले को भी शामिल किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए दुर्ग शहर में 17 सितंबर को आयोजित शिविर के लिए अभी स्थान का चयन नहीं किया गया है। शिविर के लिए हितग्राहियों के पंजीयन के बाद स्थान का चयन किया जाएगा। उन्होंने दिव्यांगजनों से शिविर का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने की अपील की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
