- मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की तैयारी का अधिकारियों ने लिया जायजा
- कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का किया निरीक्षण
द सीजी न्यूज
राजनांदगांव। जिले से अलग होकर बनाए जा रहे राज्य के 29 वें जिले का 2 सितंबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधिवत शुभारंभ करेंगे। मोहला में आयोजित कार्यक्रम की तैयारी के लिए आज संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी, दुर्ग संभाग आयुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के ओएसडी एस जयवर्धने सहित अधिकारियों ने जायजा लिया। संभाग आयुक्त महादेव कावरे ने मुख्यमंत्री की आगमन को लेकर बनाए गए हेलीपैड, मुख्य मंच, कार्यक्रम स्थल सहित कलेक्ट्रेट कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
संभागायुक्त ने कहा कि क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है। यह क्षेत्र की जनता के लिए ऐतिहासिक और उल्लेखनीय क्षण साबित होगा। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में क्षेत्र की जनता के शामिल होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थल, कार्यक्रम में आने वाले क्षेत्र की जनता के लिए बैठक व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी लेकर जरूरी दिशानिर्देश दिए। कलेक्टर डोमन सिंह व पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कार्यक्रम आयोजन के लिए व्यवस्थाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान मोहला- मानपुर विधायक संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी ने कार्यक्रम आयोजन से जुड़ी सभी बारीकियों की जानकारी से अवगत होकर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जरूरी मार्गदर्शन और निर्देश दिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

