Breaking News

महंगाई के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में कल कांग्रेस का हल्लाबोल : दीपक बैज, अरुण वोरा सहित दर्जन भर से ज्यादा विधायक दिल्ली रवाना

  • पूरे देश से स्पेशल ट्रेनों से दिल्ली पहुंच रहे कांग्रेस कार्यकर्ता
  • भारत जोड़ो यात्रा से पहले दिल्ली में कांग्रेस दिखाएगी ताकत

द सीजी न्यूज 

रायपुर एयरपोर्ट से कांग्रेस विधायकों और संगठन नेताओं के दिल्ली रवाना होने का सिलसिला जारी है।

बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। भारत जोड़ो यात्रा शुरू होने से पहले कांग्रेस कल चार सितंबर को राजधानी दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस का हल्लाबोल प्रदर्शन होगा। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के इस हल्लाबोल कार्यक्रम में देशभर से लाखों लोग रामलीला मैदान पहुंचेंगे। अलग-अलग राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ता, संगठन पदाधिकारी, विधायक, सांसद दिल्ली पहुंच रहे हैं।

छत्तीसगढ़ से आज कांग्रेस के कई विधायक और संगठन नेता अलग-अलग फ्लाईट से दिल्ली रवाना हुए हैं। आज सांसद दीपक बैज, वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा, विधायक धनेंद्र साहू, अनूप नाग, रेखचंद जैन, पारसनाथ रजवाड़े, लक्ष्मी ध्रुव, प्रदेश युकां महासचिव संदीप वोरा सहित दर्जन भर से ज्यादा विधायक शाम की फ्लाईट से दिल्ली रवाना हुए। इसके अलावा विशेष ट्रेनों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता रवाना हुए हैं। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सीएम भूपेश बघेल आज शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पीसीसी चीफ मोहन मरकाम दिल्ली पहुंच चुके हैं। महिला एवं बाल कल्याण मंत्री अनिला भेड़िया, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, पीएचई मंत्री रुद्र कुमार भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। 

दिल्ली रवाना होने से पहले स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन, दुर्ग के विधायक अरुण वोरा ने कहा कि हल्लाबोल प्रदर्शन में महंगाई के अलावा, बेरोजगारी, खाने-पीने की चीजों पर जीएसटी जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा जाएगा। इस रैली के माध्यम से केंद्र की असंवेदनशील नरेंद्र मोदी सरकार को संदेश दिया जाएगा। महंगाई ने लोगों का जीवन दूभर कर दिया है। केंद्र सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है।

 

Check Also

नुआखाई समृद्ध कृषि परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अन्नदाता के परिश्रम का उत्सव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने नुआखाई पर्व की दी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं THE CG NEWS रायपुर। मुख्यमंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!