• आडिटोरियम और स्वीमिंग पुल के निर्माण कार्यों की धीमी चाल पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी

द सीजी न्यूज

जांजगीर-चाम्पा / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले में कई वर्षों से निर्माणाधीन योजनाएं पूरी न होने पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने जिले के विकास में ऑडिटोरियम और स्वीमिंग पूल निर्माण कार्य का जायजा लिया। कई साल से अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अफसरों से सवाल कहा –  यह कैसी लापरवाही चल रही है, अभी तक काम पूरा क्यों नहीं हो पाया ? आप लोग बड़े अधिकारी है। आप लोग सुपरविजन नहीं करते क्या ? अब यह सब नहीं चलेगा। जल्दी ही गुणवत्ता के साथ काम पूरा करें।      कलेक्टर ने जिला पंचायत भवन के पास निर्माणाधीन ऑडिटोरियम भवन का निरीक्षण किया। यहाँ जिला खनिज न्यास मद से लगभग 5 करोड़ की लागत से वर्ष 2017-18 से निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के समय सीमा में पूर्ण नहीं होने पर विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों पर नाराजगी जताई। इस वर्ष के अंत तक कार्य को पूर्ण कर आम नागरिको के लिए ऑडिटोरियम का शुभारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनता की सुविधाओं तथा जिला मुख्यालय के स्वरूप को परिवर्तित करने के लिए पूर्व में स्वीकृत काफी समय से अपूर्ण योजनाओ की समीक्षा करते हुए ऑडिटोरियम निर्माण और इसमें लगे हुए सामग्रियों की गुणवत्ता से बिना समझौता किये कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के लिए कहा |

कलेक्टर ने लम्बे समय से नगर में बन रहे स्वीमिंग पूल की जानकारी लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी जांजगीर से निर्माणाधीन कार्य को जल्द ही पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिस पर नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि पूल के टाइल्स को बदलने का कार्य अंतिम चरण में है। इसके बाद मशीनरी का परीक्षण कर इसे आम नागरिको के लिए शुरू कर दिया जायेगा | कलेक्टर ने दोनों कार्यों को इस वर्ष के अंत तक पूर्ण नही करने पर सम्बंधित अधिकारी और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यवाही करने की चेतावनी दी। नगर पालिका अध्यक्ष भगवान दास गढ़ेवाल द्वारा निर्माणाधीन स्वीमिंग पुल में अहाता निर्माण की आवश्यकता से कलेक्टर को अवगत कराने पर कलेक्टर ने पूर्ण प्रस्ताव विधिवत प्रस्तुत करने के निर्देश नगर पालिका अधिकारी को दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर ज्योति पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी चन्दन शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी व सम्बंधित ठेकेदार उपस्थित थे |